नीट पेपर लीक मामले की जांच के बीच अब आरोपी परिवार से सदस्यों से जुड़े शैक्षणिक रिकॉर्ड भी सामने आने लगे हैं. सामने आई एक मार्कशीट के अनुसार पेपर लीक मामले के आरोपी दिनेश के बेटे ऋषि बिवाल ने राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की सीनियर सेकेंडरी परीक्षा 2026 में ग्रेस मार्क्स के सहारे सेकंड डिवीजन हासिल की थी. मार्कशीट के अनुसार ऋषि बिवाल को कुल 500 में से 254 अंक मिले यानी 50.80 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए थे. विषयवार अंक देखें तो हिंदी में 32, अंग्रेजी में 51, फिजिक्स में 51, केमिस्ट्री में 58 और बायोलॉजी में 62 अंक हासिल किए थे. फिजिक्स और केमिस्ट्री जैसे विषयों में थ्योरी अंक बेहद कम थे. ऋषि बिवाल ने इस साल नीट परीक्षा दी थी दिनेश ने उसी के लिए यश से पेपर खरीदा था.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दिनेश और मांगीलाल ने कथित लीक पेपर सीकर के NEET अभ्यर्थियों तक राकेश कुमार मंडावरिया के जरिए पहुंचाया था. राकेश मंडावरिया सीकर में आरके कंसल्टेंसी नाम से एक करियर गाइडेंस सेंटर चलाता है. जांच एजेंसियों का मानना है कि यहां से ही कथित गेस पेपर सीकर में तेजी से फैलना शुरू हुआ. बाद में सीकर के ही एक व्हिसलब्लोअर ने NTA को इसकी सूचना दी, जिसके बाद पूरे कथित घोटाले का खुलासा हुआ.
15 लाख रुपये में खरीदा था पेपर
राकेश मंडावरिया से पूछताछ की गई. राकेश ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि उसने यह पेपर ग्रामीण जयपुर के दो भाइयों दिनेश और मांगीलाल से 15 लाख रुपये में खरीदा था. दिनेश और मांगीलाल जयपुर के बाहरी इलाके जमवारामगढ़ में रहते हैं. दोनों प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं और किसान परिवार से आते हैं. दिनेश का बेटा ऋषि सीकर के एक कोचिंग संस्थान में NEET की तैयारी कर रहा था और दिनेश जमवारामगढ़ से सीकर के लगातार चक्कर लगाता था. संयोग से मांगीलाल के तीन बच्चे भी 2025 में NEET परीक्षा में बैठे थे. हालांकि परिवार का दावा है कि उनमें से केवल दो ही परीक्षा पास कर पाए और उनके अंक भी बहुत कम थे. एक बच्चा पास नहीं हो पाया और वो अब भी नीट की तैयारी कर रहा है.
दिनेश और मांगीलाल ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि उन्होंने यह पेपर गुरुग्राम के आयुर्वेदिक चिकित्सा के छात्र यश यादव से भारी रकम देकर खरीदा था. सूत्रों का कहना है कि अब CBI यश यादव, दिनेश और मांगीलाल को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ कर रही है ताकि उनके बयानों का मिलान किया जा सके. पुलिस सूत्रों का यह भी दावा है कि यश यादव पेपर लीक और नकल गिरोहों का पुराना खिलाड़ी है और 2024 के NEET पेपर लीक मामले में भी उसकी कथित भूमिका रही हो सकती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं