NEET UG OMR Sheet Mismatch Complaint Process: नीट एग्जाम को लेकर छिड़ा विवाद खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है. अब रिजल्ट आने के बाद स्कोरकार्ड और ओएमआर शीट के नंबरों का आपस में मैच नहीं होने का दावा किया गया है. कुछ छात्र सोशल मीडिया पर दावा कर रहे हैं कि उन्होंने OMR शीट से जो नंबर जोड़े थे, उनके ऑफिशियल स्कोरकार्ड पर नंबर उससे काफी कम आए हैं. वहीं दूसरी तरफ, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहीं कुछ ओएमआर शीट फर्जी या AI से बनाई गई हैं. ऐसे में अगर आपको भी लगता है कि आपके नंबरों में कोई सचमुच की गड़बड़ हुई है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. यहां जानिए ये गड़बड़ी क्यों हो सकती है और आपको इसकी शिकायत कहां और कैसे दर्ज करानी है.
क्यों अलग हो सकते हैं आपके नंबर
1. फाइनल आंसर की से मैच न करना
NTA की गलती मानने से पहले खुद 4 बातों को जरूर चेक कर लें, क्योंकि ज्यादातर मामलों में अंतर इन्हीं वजहों से आता है. छात्र अक्सर प्रोविजनल आंसर की से अपने नंबर जोड़ लेते हैं. NTA लाखों छात्रों की आपत्तियों के बाद फाइनल आंसर की में कुछ जवाब बदल देता है. अगर 3-4 सवाल भी बदल गए, तो आपके नंबरों में 15 से 20 अंक का फर्क आ जाएगा.
2. सवाल का ड्रॉप होना
अगर NTA किसी गलत सवाल को हटाता है, तो उसके +4 नंबर सभी छात्रों को मिलते हैं. इससे भी आपका अनुमानित स्कोर बदल जाता है.
3. OMR भरने में आपकी गलती
कंप्यूटर ओएमआर शीट के गोलों को स्कैन करता है. अगर आपने गोला अधूरा भरा था, पेन की स्याही कहीं और फैल गई थी या एक ही सवाल में दो गोले भर दिए थे, तो कंप्यूटर उसे गलत मान लेता है.
4. नेगेटिव मार्किंग की गलत गिनती
कई बार छात्र सही-गलत सवाल तो गिन लेते हैं, लेकिन गलत जवाबों के लिए कटने वाले (-1) नंबर को घटाना भूल जाते हैं.
नंबरों के अंतर से जानें आपको क्या करना चाहिए
1. अगर 2 से 8 नंबर का फर्क है, तो ये सिर्फ आंसर की में हुए बदलाव या ड्रॉप सवाल की वजह से हो सकता है. फाइनल आंसर की से दोबारा चेक करें.
2. अगर 10 से 20 नंबर का अंतर आ रहा है, तो ये भी संशोधित सवालों की वजह से हो सकता है. एक-एक सवाल को दोबारा आराम से चेक करें.
3. अगर फाइनल आंसर की से मिलाने के बाद भी 20 से ज्यादा नंबरों का अंतर आ रहा है, तो यह बड़ी गड़बड़ी हो सकती है. ऐसे में कुछ स्टेप्स फॉलो करने चाहिए.
नंबरों में गड़बड़ी होने पर ऐसे करें शिकायत
स्टेप 1: सारे सबूत एक जगह जमा करें
NTA को सिर्फ यह लिखना कि 'मेरे नंबर गलत हैं', किसी काम नहीं आएगा. आपके पास पूरे सबूत होने चाहिए. अपने ऑफिशियल पोर्टल से डाउनलोड की गई OMR रिस्पॉन्स शीट के PDF, NTA की फाइनल आंसर की (Final Answer Key) का PDF, आपका खुद का बनाया हुआ पेज, जिसमें लिखा हो कि आपके हिसाब से किस सवाल का क्या नंबर होना चाहिए और आपके नीट स्कोरकार्ड के स्क्रीनशॉट की फाइल बना लें.
स्टेप 2: NTA हेल्पडेस्क पर शिकायत दर्ज करें
सभी डॉक्यूमेंट्स तैयार होने के बाद NTA ऑफिशियल वेबसाइट nta.ac.in पर जाएं.
Contact Us में जाकर Grievance Redressal (शिकायत निवारण) पर क्लिक करें और फॉर्म भरें.
आप चाहें, तो अपनी शिकायत और सारे सबूतों को अटैच करके neet@nta.ac.in पर मेल कर सकते हैं.
मेल में साफ-साफ लिखें- 'मैंने अपनी ओएमआर और फाइनल आंसर-की का मिलान किया है. मेरे हिसाब से नंबर 550 होने चाहिए, लेकिन स्कोरकार्ड में 480 दिख रहे हैं. कृपया ओरिजनल ओएमआर शीट की जांच करें.'
स्टेप 3: RTI का इस्तेमाल करें
अगर NTA को शिकायत भेजने के 7 से 10 दिनों के अंदर कोई जवाब नहीं मिलता है, तो आप ऑनलाइन RTI (Right to Information) फाइल कर सकते हैं. इसके जरिए आप अपनी ओरिजिनल ओएमआर शीट और डेटा की मांग कर सकते हैं. कानूनन NTA को 30 दिनों के अंदर इसका जवाब देना ही होगा.
स्टेप 4: कानूनी रास्ता
अगर आपका नुकसान बहुत बड़ा है, आपके पास सबूत हैं और NTA कोई सुनवाई नहीं कर रहा है, तो आप किसी अच्छे वकील के जरिए हाईकोर्ट का रुख कर सकते हैं. अदालतों ने पहले भी पुख्ता सबूत होने पर छात्रों के हक में फैसले दिए हैं.
भूलकर भी न करें ये 3 गलतियां
1. काउंसलिंग रजिस्ट्रेशन न छोड़ें
यह सबसे जरूरी सलाह है. भले ही आपके नंबरों में गड़बड़ी हो और आपने शिकायत दर्ज कराई हो, लेकिन नीट काउंसलिंग (Counselling Registration) के लिए समय पर अप्लाई जरूर करें. अगर आपके नंबर बाद में सुधर भी जाते हैं, तो काउंसलिंग का डेटा अपडेट हो जाएगा, लेकिन अगर आपने रजिस्ट्रेशन ही नहीं किया, तो आपका पूरा साल बर्बाद हो जाएगा.
2. फर्जी ओएमआर शीट न भेजें
NTA ने साफ चेतावनी दी है कि कुछ लोग AI से बनी फर्जी ओएमआर शीट जमा कर रहे हैं. ऐसा करने पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है और आप हमेशा के लिए परीक्षा से बैन हो सकते हैं. सिर्फ अपनी असली ओएमआर ही सबमिट करें.
3. सोशल मीडिया के भरोसे न रहें
किसी भी थर्ड-पार्टी ऐप या वेबसाइट के स्कोर कैलकुलेटर पर आंख बंद करके भरोसा न करें. हमेशा NTA की ऑफिशियल वेबसाइट neet.nta.nic.in का ही इस्तेमाल करें.
ये भी पढ़ें - NEET UG पास लड़कियों को सेना में नर्स बनने का गोल्डेन चांस, AFMS ने निकाली BSc Nursing भर्ती, ऐसे करें Apply
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं