विज्ञापन

कंप्यूटर इंजीनियरिंग के अलावा IITs में कौन-कौन से कोर्स होते हैं? देख लीजिए पूरी लिस्ट

Courses Offered By IITs : IITs में कंप्यूटर इंजीनियरिंग के अलावा भी कई ऑप्शंस हैं. छात्र मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, AI, डेटा साइंस, एयरोस्पेस, डिजाइन, फिजिक्स और ह्यूमैनिटीज जैसे कोर्स चुन सकते हैं.

कंप्यूटर इंजीनियरिंग के अलावा IITs में कौन-कौन से कोर्स होते हैं? देख लीजिए पूरी लिस्ट
IITs में ह्यूमैनिटीज और सोशल साइंसेज से जुड़े ऑप्शंस भी मौजूद हैं.

Courses Offered By IITs : IIT में एडमिशन का सपना देखने वाले ज्यादातर छात्रों के दिमाग में सबसे पहले कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग (CSE) का नाम आता है. लेकिन इन संस्थानों में कोर्सेज सिर्फ कंप्यूटर इंजीनियरिंग तक सीमित नहीं हैं. JEE Advanced 2026 में सफल उम्मीदवार 23 IITs में इंजीनियरिंग, साइंस, आर्किटेक्चर, डिजाइन और फार्मास्यूटिक्स से जुड़े कई प्रोग्राम में एडमिशन ले सकते हैं. यहां B.Tech, Integrated M.Sc, Dual Degree और B.Des जैसे ऑप्शंस भी उपलब्ध हैं. हालांकि, हर IIT में सभी कोर्स नहीं कराए जाते हैं. ऐसे में छात्रों के लिए जरूरी है कि वे अपनी रुचि और करियर के अनुसार ब्रांच चुनें.

IITs में कौन-कौन से इंजीनियरिंग कोर्स हैं?

IITs में कई इंजीनियरिंग कोर्सेज उपलब्ध हैं. इनमें मैकेनिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (ECE), सिविल इंजीनियरिंग और केमिकल इंजीनियरिंग सहित कई शामिल हैं. इसके अलावा छात्रों के लिए एयरोस्पेस इंजीनियरिंग, बायोटेक्नोलॉजी, बायोमेडिकल इंजीनियरिंग, मटेरियल साइंस और मेटलर्जी जैसे ऑप्शंस भी मौजूद हैं. इन क्षेत्रों में पढ़ाई करने के बाद छात्र रिसर्च, इंडस्ट्री और टेक्निकल सेक्टर में करियर बना सकते हैं.

AI और डेटा साइंस 

टेक्नोलॉजी के तेजी से बदलते दौर में IITs के कई नए और आधुनिक सब्जेक्ट भी छात्रों को आकर्षित कर रहे हैं. इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डेटा साइंस से जुड़े प्रोग्राम शामिल हैं. इसके अलावा मैथमैटिक्स एंड कंप्यूटिंग भी ऐसा क्षेत्र है, जिसमें मैथमैटिक्स के साथ कंप्यूटिंग और टेक्नोलॉजी की पढ़ाई होती है. वहीं इंजीनियरिंग फिजिक्स उन छात्रों के लिए अच्छा ऑप्शन हो सकता है, जिनकी रुचि फिजिक्स और इंजीनियरिंग दोनों में है.

पर्यावरण से जुड़े कोर्स भी मौजूद

बदलते समय के साथ पर्यावरण और सस्टेनेबिलिटी से जुड़े क्षेत्रों की मांग भी बढ़ रही है. IITs में एनवायरनमेंटल इंजीनियरिंग जैसे सब्जेक्ट्स छात्रों को पर्यावरण से जुड़ी तकनीकी समस्याओं और उनके समाधान को समझने का मौका देते हैं. यह क्षेत्र भविष्य में क्लीन एनर्जी, वेस्ट मैनेजमेंट, जल संरक्षण और पर्यावरणीय तकनीकों से जुड़े करियर के लिए अच्छा ऑप्शन साबित हो सकता है.

B.Des भी है एक ऑप्शन

IIT में पढ़ाई का मतलब सिर्फ इंजीनियरिंग नहीं है. बैचलर ऑफ डिजाइन (B.Des) भी एक अच्छा ऑप्शन है. जिन छात्रों की रुचि डिजाइन, क्रिएटिविटी, प्रोडक्ट डिजाइन, यूजर एक्सपीरियंस और विजुअल कम्युनिकेशन जैसे क्षेत्रों में है, वे इस दिशा में करियर बना सकते हैं.

साइंस में भी कई ऑप्शन 

साइंस में रुचि रखने वाले छात्रों के लिए IITs में इंटीग्रेटेड M.Sc जैसे प्रोग्राम भी उपलब्ध हैं. इनमें फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथमैटिक्स जैसे सब्जेक्ट्स शामिल हो सकते हैं. ऐसे कोर्स छात्रों को आगे रिसर्च, हायर एजुकेशन और साइंटिफिक क्षेत्रों में करियर बनाने का अवसर देते हैं.

ह्यूमैनिटीज और सोशल साइंस भी पढ़ सकते हैं

IITs में ह्यूमैनिटीज और सोशल साइंसेज से जुड़े ऑप्शंस भी मौजूद हैं. इनमें इकोनॉमिक्स और लिबरल आर्ट्स जैसे सब्जेक्ट्स शामिल हैं. इसलिए अगर किसी छात्र की रुचि इंजीनियरिंग से अलग किसी क्षेत्र में है, तो IITs में उसके लिए भी ऑप्शन मौजूद हैं.

ब्रांच चुनते समय इन बातों का रखें ध्यान

JEE Advanced में अच्छी रैंक मिलने के बाद सिर्फ यह देखकर ब्रांच चुनना सही नहीं है कि कौन सा कोर्स सबसे ज्यादा लोकप्रिय है. छात्रों को अपनी रुचि, क्षमता, करियर प्लान और संबंधित क्षेत्र में भविष्य की संभावनाओं को ध्यान में रखना चाहिए. इसके साथ ही यह भी देखना जरूरी है कि पसंदीदा कोर्स किस IIT में उपलब्ध है. क्योंकि 23 IITs में सभी प्रोग्राम हर संस्थान में उपलब्ध नहीं होते. इसलिए JoSAA काउंसलिंग के दौरान उपलब्ध कोर्स और सीटों की जानकारी ध्यान से चेक करना जरूरी है.

ये भी पढ़ें- UGC NET के गलत सवालों को चैलेंज करने के लिए 2800 रुपये कहां से लाएं? NTA पर फिर उठे सवाल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
IIT Courses, Courses Offered By IITs
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com