जंतर-मंतर पर हुए छात्रों के प्रदर्शन के बाद से ही देशभर से ऐसे वीडियो सामने आ रहे हैं, जहां स्कूली छात्र प्रशासन को सीधी चुनौती देते दिख रहे हैं. अब कानपुर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे जानकर आप दंग रह जाएंगे. कानपुर देहात में सरकारी स्कूल में पढ़ने वाला एक छात्र सीधे पुलिस चौकी पहुंच गया. उसकी शिकायत थी कि स्कूल में पढ़ाई नहीं हो रही है. 7वीं में पढ़ने वाले इस 12 साल के बच्चे की बातें सुनकर पुलिसकर्मी भी दंग रह गए और आखिरकार उन्हें उसके साथ स्कूल जाना पड़ा.
टीचर ने पुलिस के सामने ही डांटा
जब 12 साल के माधव मिश्रा की शिकायत को लेकर उसके साथ एक हेड कांस्टेबल को भेजा गया तो स्कूल टीचर आग बबूला हो गईं. वीडियो में देखा जा सकता है कि स्कूल की टीचर पुलिसकर्मी के सामने ही छात्र को डांटने लगीं. इस पूरे मामले का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग बच्चे की हिम्मत की दाद दे रहे हैं, वहीं कुछ लोग इसे गलत भी ठहरा रहे हैं.
क्या है पूरा मामला?
यह घटना कानपुर देहात के जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर स्थित रसधान गांव के सरकारी कंपोजिट स्कूल की है. 10 अगस्त को 12 वर्षीय छात्र माधव मिश्रा पुत्र संजीव मिश्रा जो पेशे से किसान है, अपनी स्कूल यूनिफॉर्म में ही रसधान पुलिस चौकी पहुंच गया. इतनी कम उम्र के बच्चे को स्कूल के समय में चौकी में देखकर पुलिसकर्मी भी सकते में आ गए.
जब पुलिसवालों ने उससे वहां आने का कारण पूछा, तो माधव का जवाब हैरान करने वाला था. उसने मासूमियत लेकिन पूरे आत्मविश्वास के साथ कहा, "सर, स्कूल में पढ़ाई नहीं होती है. मैम हमेशा फोन पर बात करती रहती हैं. इसी में लंच हो जाता है, कोई पढ़ाई नहीं होती. स्कूल में बड़े बच्चे भी मुझे मारते हैं और मैं बहुत परेशान हो गया हूं. किसी को कोई मतलब नहीं है कि मैं स्कूल से क्यों बाहर आया और कहां जा रहा हूं."
टीचर ने गलती मानने से किया इनकार
माधव की शिकायत सुनकर पुलिसकर्मी उसे लेकर वापस स्कूल पहुंचे. पुलिस को अपने साथ देखकर भी स्कूल प्रशासन और शिक्षकों के रवैये में कोई सुधार नहीं दिखा. जब पुलिस वाले ने आरोपी टीचर सायमा खां से छात्र की शिकायत के बारे में पूछा और माधव से अपनी बात दोहराने को कहा, तो टीचर अपनी गलती मानने के बजाय आगबबूला हो गईं. पुलिस की मौजूदगी में ही शिक्षिका ने दबंगई दिखाते हुए माधव को थप्पड़ मारने का
इशारा किया और धमकाते हुए कहा- इतना मारेंगे कि मार-मार कर दिमाग ठीक कर देंगे तुम्हारा! टीचर की इस धमकी और बदसलूकी का पुलिसकर्मियों ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
हरकत में आया शिक्षा विभाग
वीडियो के वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग नींद से जागा. बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) आशीष पांडेय के सख्त निर्देशों के बाद खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) ने स्कूल का दौरा किया. उन्होंने वहां मौजूद अन्य छात्रों और स्कूल स्टाफ से बातचीत कर अपनी जांच रिपोर्ट बीएसए को सौंप दी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए स्कूल के प्रधानाध्यापक अनुपम कुमार और आरोपी शिक्षिका सायमा खां को कारण बताओ नोटिस जारी कर बीएसए कार्यालय तलब किया गया है.
कांग्रेस ने साधा निशाना
इस घटना ने तूल पकड़ लिया है और राजनीतिक गलियारों में भी इसकी गूंज सुनाई दे रही है. उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने अपने एक्स (X) हैंडल पर इस घटना का वीडियो शेयर करते हुए प्रशासन पर तीखा हमला बोला है. कांग्रेस ने अपनी पोस्ट में लिखा- कानपुर देहात जिले के रसधान में स्थित सरकारी
स्कूल में क्लास रूम के अंदर बच्चों को दी जाने वाली इन धमकियों को देखकर ऐसा लगता है कि शिक्षा का मंदिर कोई पुलिस चौकी या टॉर्चर रूम बन गया है. जहां बच्चों का भविष्य गढ़ा जाना चाहिए, वहां मैडम का यह खौफनाक और दबंग रूप इस बात का सबूत है कि शिक्षण संस्थानों में अब संवेदनाएं दम तोड़ चुकी हैं.
ये भी पढ़ें - नोएडा के स्कूलों में स्क्रीन टाइम फिक्स, इन चीजों के लिए करना होगा ब्लैकबोर्ड का इस्तेमाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं