Jharkhand School Time Change: झारखंड में आसमान से बरसती आग और भीषण गर्मी के बीच राज्य सरकार ने स्कूली बच्चों को बड़ी राहत देते हुए एक बड़ा फैसला लिया है. पलामू और डाल्टनगंज जैसे इलाकों में पारा 43.9°C के पार पहुंचने के बाद सरकार ने सभी सरकारी और निजी स्कूलों की टाइमिंग (School Timings) में बदलाव कर दिया है.
कल से लागू होगा नया टाइम-टेबल
शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह नया समय 21 अप्रैल 2026 (मंगलवार) से प्रभावी होगा. सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश राज्य के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी (Private Schools) विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा.
नया निर्धारित समय इस प्रकार है
राज्य के स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने रविवार को ही स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पूरे राज्य में 'येलो अलर्ट' जारी किया था. इसी ध्यान में रखते हुए आज( सोमवार) झारखंड सरकार के शिक्षा विभाग ने सभी सरकारी, गैर-सरकारी एवं निजी विद्यालयों के लिए नया समय निर्धारित कर दिया है. इस फैसले के बाद अब छोटे बच्चों (केजी से कक्षा 8 तक) की कक्षाएं सुबह 7:00 बजे से 11:30 बजे तक तथा कक्षा 9 से 12 तक की कक्षाएं सुबह 7:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक संचालित होंगी.
शिक्षकों के लिए निर्देश
विभाग ने स्पष्ट किया है कि हालांकि बच्चों की छुट्टी जल्दी हो जाएगी, लेकिन सरकारी स्कूलों के शिक्षकों और कर्मचारियों को दोपहर 1:00 बजे तक विद्यालय में रहकर गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना होगा.
मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने जारी किया 'येलो अलर्ट'
बता दें कि डॉ. इरफान अंसारी ने पहले ही स्वास्थ्य विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग के सभी अधिकारियों को सतर्क रहने एवं आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया था, ताकि गर्मी के दुष्प्रभाव से आमजन, विशेषकर बच्चे, सुरक्षित रह सकें.
बच्चों को मिलेगी गर्मी से राहत
सरकार के इस निर्णय से पूरे राज्य में निश्चित रूप से बच्चों को गर्मी से राहत देने में कारगर साबित होगा. जो छात्रों को भीषण गर्मी की तपती दोपहरी से दो चार होने से बचा सकेंगे.
यह भी पढ़ें: झारखंड: क्यों अहम है मेजर उर्फ सैफी की दुबई में गिरफ्तारी, कैसे बना धनबाद गैंगस्टर प्रिंस खान का करीबी?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं