GATE 2026 guide : देश की सबसे अहम इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं में से एक ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग (GATE) 2026 का इंतजार अब खत्म होने वाला है. ये परीक्षा 7 फरवरी 2026 से शुरू हो रही है और इसे इस साल IIT गुवाहाटी आयोजित कर रहा है. हर साल लाखों इंजीनियरिंग और साइंस ग्रेजुएट्स इस परीक्षा में हिस्सा लेते हैं, ताकि उन्हें IITs, NITs, IIITs और PSU में आगे पढ़ाई या नौकरी का मौका मिल सके. ऐसे में परीक्षा से ठीक पहले उम्मीदवारों के लिए जरूरी है कि वो समय, डॉक्यूमेंट्स और गाइडलाइंस को लेकर पूरी तरह तैयार रहें, ताकि आखिरी वक्त पर किसी तरह की परेशानी न हो.
कब और कितने दिनों में होगी GATE 2026 परीक्षा
GATE 2026 का आयोजन 7, 8, 14 और 15 फरवरी 2026 को किया जाएगा. परीक्षा पूरी तरह कंप्यूटर आधारित (CBT मोड) होगी. देशभर के तय एग्जाम सेंटर्स पर ही आयोजित की जाएगी. हर दिन परीक्षा दो शिफ्ट में होगी.
• मॉर्निंग शिफ्ट: सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक
• आफ्टरनून शिफ्ट: दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक
उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वो अपने एडमिट कार्ड पर दी गई तारीख, शिफ्ट और परीक्षा केंद्र की जानकारी पहले ही अच्छे से चेक कर लें.
रिपोर्टिंग टाइम और एंट्री से जुड़े नियम
परीक्षा केंद्र पर उम्मीदवारों को कम से कम 60 से 90 मिनट पहले पहुंचना चाहिए. इस दौरान उनकी पहचान सत्यापन और बायोमेट्रिक चैक किए जाएंगे. तय समय के बाद एंट्री नहीं दी जाएगी. इसलिए देर होने का रिस्क बिल्कुल न लें. अगर दूसरे शहर में जाना है तो परीक्षा से एक दिन पहले ही पहुंचना बेहतर होगा.
परीक्षा वाले दिन कौन-कौन से दस्तावेज जरूरी
GATE 2026 के दिन उम्मीदवारों को ये दस्तावेज साथ लेकर जाने होंगे:
• GATE 2026 एडमिट कार्ड की प्रिंटेड कॉपी (A4 साइज में साफ प्रिंट).
• एक ओरिजिनल फोटो ID प्रूफ जैसे आधार कार्ड, पासपोर्ट, वोटर ID, ड्राइविंग लाइसेंस या पैन कार्ड.
• ID वही होनी चाहिए जो रजिस्ट्रेशन के समय दी गई थी.
• डिजिटल कॉपी या फोटोस्टेट मान्य नहीं होगी.
• अगर एडमिट कार्ड में लिखा हो, तो पासपोर्ट साइज फोटो भी साथ रखें.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं