IIT में पढ़ाई का स्तर आज ऐसा है कि यहां एडमिशन के लिए हर साल लाखों छात्र एग्जाम देते हैं, लेकिन इनमें से महज कुछ हजार को ही ये मौका मिल पाता है. अब सोशल मीडिया पर IIT छात्रों की एक काफी पुरानी तस्वीर वायरल हो रही है, जिसमें वो परीक्षा देते हुए नजर आ रहे हैं. ये ब्लैक एंड व्हाइट फोटो साल 1954 की बताई जा रही है. फोटो को लेकर दावा किया जा रहा है कि इसमें भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) खड़गपुर के छात्र एक बड़े हॉल में बैठकर 'इंजीनियरिंग ड्राइंग' की परीक्षा दे रहे हैं.
बड़े टेबल पर बनाई जा रही ड्रॉइंग
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इस फोटो में दिख रहा है कि आईआईटी के छात्र खड़े होकर एक बड़े टेबल पर ड्राइंग बना रहे हैं. छात्र टी-स्क्वेयर, ड्राफ्टिंग बोर्ड और अन्य पारंपरिक उपकरणों की मदद से इंजीनियरिंग ड्राइंग शीट तैयार कर रहे हैं. आईआईटी के शुरुआती दिनों की ये तस्वीर देखकर लोग काफी नॉस्टैल्जिक फील कर रहे हैं. कमेंट्स में उस दौर में छात्रों की सादगी और पहनावे का भी जिक्र किया जा रहा है.

ऐसे बना था पहला IIT
भारत में पहला IIT खड़गपुर में शुरू हुआ था. एनआर सरकार की अध्यक्षता में इसके लिए 22 सदस्यों की एक कमेटी बनाई गई, जिसकी सिफारिशों के बाद भारत में उच्च तकनीकी शिक्षा संस्थानों की नींव रखी गई थी. साल 1951 में खड़गपुर में पहला आईआईटी खुला, जिसमें इंजीनियरिंग छात्रों ने एडमिशन लिया था. तब आईआईटी का मतलब कंप्यूटर साइंस या फिर एआई नहीं था, बल्कि हाथों से ही नक्शे और ड्राइंग बनाई जाती थीं.
फोकस और डेडिकेशन
सोशल मीडिया पर IIT खड़गपुर की बताई जा रही इस तस्वीर को देखकर लोग उस दौर के छात्रों के फोकस और डेडिकेशन की तारीफ कर रहे हैं. उनका कहना है कि उस दौर में पढ़ाई के लिए इतनी मेहनत की जाती थी. इंजीनियर बनने के लिए हर बारीक चीज पर ध्यान दिया जाता था और फिर नौकरी में इसका इस्तेमाल करते थे.
ये भी पढ़ें - देश के सबसे अमीर IPS गुरप्रीत सिंह भुल्लर कौन हैं? इतने करोड़ की संपत्ति के हैं मालिक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं