विज्ञापन

IIT Kanpur से पढ़े राकेश गंगवाल ने संस्थान को दिए 300 करोड़ और, बनेगा 500 बेड वाला अस्पताल और कैंसर सेंटर

आईआईटी कानपुर के विशिष्ट पूर्व छात्र और इंडिगो के सह-संस्थापक राकेश गंगवाल ने गंगवाल स्कूल ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी के विकास के लिए अतिरिक्त 300 करोड़ रुपये की मैचिंग ग्रांट देने की घोषणा की है. इस नए सहयोग के साथ संस्थान के लिए उनका कुल योगदान 400 करोड़ रुपये हो गया है.

IIT Kanpur से पढ़े राकेश गंगवाल ने संस्थान को दिए 300 करोड़ और, बनेगा 500 बेड वाला अस्पताल और कैंसर सेंटर
अब राकेश गंगवाल के  300 करोड़ के अतिरिक्त सहयोग से हमारा यह सपना और शीघ्रतापूर्व साकार होगा.

Healthcare Ecosystem Development : आईआईटी कानपुर विशिष्ट पूर्व छात्र (डिस्टिंग्विश्ड एलुमनस) और इंडिगो के सह-संस्थापक राकेश गंगवाल ने गंगवाल स्कूल ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी के विकास के लिए अतिरिक्त 300 करोड़ देने की घोषणा की है. इससे पहले साल 2022 में उन्होंने 100 करोड़ का योगदान दिया था, जिससे आईआईटी कानपुर परिसर में मेडिकल स्कूल स्थापित करने की संस्थान की योजना को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण मदद मिली थी. नए 300 करोड़ के योगदान से गंगवाल स्कूल के लिए उनका कुल योगदान अब 400 करोड़ हो गया है.

मैचिंग ग्रांट मॉडल से बढ़ेगी भागीदारी

इस नई प्रतिबद्धता के तहत गंगवाल, गंगवाल स्कूल के विकास के लिए अन्य सहयोगियों द्वारा दिए जाने वाले योगदान के बराबर (मैचिंग ग्रांट) अधिकतम 300 करोड़ तक का सहयोग देंगे. इस पहल का उद्देश्य आईआईटी कानपुर के मेडिकल शिक्षा, शोध, क्लिनिकल इनोवेशन और मेडटेक के क्षेत्र में आगे बढ़ने के विजन को साकार करने के लिए पूर्व छात्रों, समाजसेवियों और अन्य शुभचिंतकों को भी योगदान देने के लिए प्रेरित करना है.

500 बेड के सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल की योजना

गंगवाल स्कूल की विकास योजनाओं में आईआईटी कानपुर परिसर में 500 बेड्स वाला सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल और 200 बेड्स वाले प्रस्तावित कैंसर केयर एवं रिसर्च सेंटर की स्थापना भी शामिल है. इन सुविधाओं का उद्देश्य मेडिकल शिक्षा, क्लिनिकल रिसर्च और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देना है. साथ ही, यह डॉक्टरों, शोधकर्ताओं, इंजीनियरों और तकनीकी विशेषज्ञों को मिलकर भविष्य की स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों का समाधान खोजने का अवसर भी प्रदान करेगा.

निदेशक प्रो. मणीन्द्र अग्रवाल ने जताया आभार

इस अवसर पर आईआईटी कानपुर के निदेशक प्रो. मणीन्द्र अग्रवाल, ने कहा, "इंजीनियरिंग, प्रौद्योगिकी और चिकित्सा के क्षेत्र में शोध और नवाचार की सम्भावनाओं को देखते हुए, तथा उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से, आईआईटी कानपुर ने 2021 में मेडिकल स्कूल स्थापित करने का निर्णय लिया.

संस्थान के प्रति विश्वास का प्रतीक

साल 2022 में राकेश गंगवाल द्वारा दिए गए  100 करोड़ के सहयोग से इस दिशा में प्रारम्भ करने में सहायता मिली. अब उनके  300 करोड़ के अतिरिक्त सहयोग से हमारा यह सपना और शीघ्रतापूर्व साकार होगा. यह सहयोग संस्थान के प्रति उनके विश्वास और प्रतिबद्धता को दर्शाता है. आईआईटी कानपुर की ओर से मैं उनका हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं."

यह भी पढ़ें- Telegram पर लीक नहीं हुआ NEET PG का पेपर, NBEMS ने खारिज किए दावे

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com