अक्सर पेरेंट्स की चिंता होती है कि उनका बच्चा पढ़ाई नहीं करना चाहता. उसका पढ़ाई में मन नहीं लगाता. अक्सर ऐसा इसलिए होता है क्योंकि बच्चे पढ़ाई को बोझ समझने लगते हैं, जिसके कारण उनका ध्यान पढ़ाई से हटकर मोबाइल, टीवी या अन्य एक्टिविटीज की ओर चला जाता है. ऐसे में जरूरी है कि पढ़ाई को बच्चों के लिए मजेदार और रोचक बनाया जाए.
बच्चों के लिए पढ़ाई को मजेदार कैसे बनाएं
पढ़ाई को खेल की तरह बनाएं
बच्चे खेल-खेल में सबसे ज्यादा सीखते हैं. इसलिए पढ़ाई को भी एक गेम की तरह बनाया जा सकता है. जैसे मैथ्सस के सवालों को क्विज की तरह पूछें. वर्ड को याद कराने के लिए फ्लैश कार्ड्स का इस्तेमाल करें. इससे बच्चों को पढ़ाई उबाऊ नहीं लगेगी और वे पढ़ना चाहेंगे.
छोटे-छोटे टास्क तय करें
बड़े पाठ्यक्रम को देखकर बच्चे घबरा सकते हैं. इसलिए पढ़ाई को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटें और हर टास्क के पूरा होने पर उनकी तारीफ करें. जब बच्चा किसी टास्क को पूरा करता है, तो उसका आत्मविश्वास बढ़ता है और वह आगे भी पढ़ने के लिए मोटिवेट होता है.
कलरफुल अध्ययन सामग्री का यूज करें
रंगीन चार्ट, चित्र, वीडियो और मॉडल बच्चों को अधिक आकर्षित करते हैं. विज्ञान, भूगोल या इतिहास जैसे विषयों को चित्रों और गतिविधियों के माध्यम से समझाने पर बच्चे उन्हें आसानी से याद रख पाते हैं. दृश्य सामग्री सीखने की प्रक्रिया को रोचक और प्रभावी बनाती है.
2 मिनट की 5 ब्रेन एक्सराइज, जिससे बढ़ता है बच्चों का पढ़ाई में फोकस
रुचि के अनुसार पढ़ाएं
हर बच्चे की सीखने की शैली अलग होती है. कुछ बच्चों को कहानियां पसंद होती हैं, जबकि कुछ को गतिविधियों के जरिए सीखना अच्छा लगता है.अगर बच्चे को क्रिकेट पसंद है, तो मैथ्स के सवाल क्रिकेट के उदाहरणों के साथ समझाए जा सकते हैं, इससे पढ़ाई उनके लिए अधिक दिलचस्प बन जाती है.
रेगुलर ब्रेक देना भी जरूरी
लगातार पढ़ाई करने से बच्चे थक सकते हैं और उनका ध्यान भटक सकता है. एक्सपर्ट के अनुसार, 25 से 30 मिनट की पढ़ाई के बाद 5 से 10 मिनट का छोटा ब्रेक देना फायदेमंद होता है. इस दौरान बच्चा थोड़ा घूम सकता है, पानी पी सकता है या हल्की-फुल्की एक्टिविटी कर सकता है.
पढ़ाई के लिए पॉजिटिव माहौल बनाएं
घर का माहौल बच्चों की पढ़ाई पर गहरा असर डालता है. पढ़ाई के दौरान डांटने या दबाव बनाने के बजाय उन्हें प्रोत्साहित करें. जब बच्चे गलतियां करें तो उन्हें समझाएं और सुधारने का मौका दें. पॉजिटिव माहौल बच्चों में सीखने की इच्छा बढ़ाता है.
तकनीक का सही उपयोग करें
आज कई एजुकेशनल ऐप्स और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म उपलब्ध हैं जो पढ़ाई को मजेदार बनाते हैं. एनिमेशन, इंटरैक्टिव क्विज और एजुकेशनल वीडियो बच्चों की रुचि बनाए रखने में मदद करते हैं. हालांकि, स्क्रीन टाइम पर नियंत्रण रखना भी जरूरी है.
छात्रों के लिए 10 दिमागी कसरतें, जो मेमोरी को तेज बनाती हैं
पढ़ाई के साथ ईनाम दें
जब बच्चा कोई टास्क पूरा करे या अच्छे नंबर लेकर आए, तो उसे छोटा-सा पुरस्कार दें. यह पुरस्कार उसकी पसंदीदा किताब, स्टिकर या खेलने का समय हो सकता है. इससे बच्चे को मेहनत करने की प्रेरणा मिलती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं