हर माता-पिता चाहते हैं कि उनका बच्चा उनसे हर बात खुलकर शेयर करे. लेकिन कई बार बच्चे अपनी भावनाएं, डर और परेशानियां मन में ही दबाकर रखते हैं. इसी कड़ी में मशहूर पेरेंटिंग कोच रिद्धि देवराह ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक पोस्ट शेयर की है. अपनी इस पोस्ट में उन्होंने 7 सवाल बताए हैं. पेरेंटिंग कोच बताती हैं कि ये 7 सवाल पूछकर आप अपने बच्चे के मन में छिपी हर बात जान सकते हैं. आइए जानते हैं इनके बारे में-
नंबर 1- तुम खुद को सबसे ज्यादा ब्रेव यानी बहादुर कब मानते हो?
पेरेंटिंग कोच कहती हैं, इस सवाल से पता चलता है कि बच्चे का आत्मविश्वास किस बात से बढ़ता है. अगर बच्चा किसी खास काम का जिक्र करता है, तो समझ जाइए कि वही उसकी ताकत है. वहीं, अगर उसे जवाब देने में मुश्किल हो, तो आप उसका आत्मविश्वास बढ़ाने की कोशिश करें.
नंबर 2- जब तुम परेशान होते हो तो सबसे पहले किससे बात करते हो?इस सवाल का जवाब बताएगा कि बच्चा किस व्यक्ति के साथ सबसे ज्यादा सुरक्षित और सहज महसूस करता है. इससे माता-पिता यह भी समझ सकते हैं कि बच्चा अपनी भावनाएं किसके साथ सबसे आसानी से शेयर कर सकता है.
नंबर 3- ऐसी कौन-सी बात है, जो तुम चाहते हो कि बड़े लोग तुम्हारे बारे में समझें?कई बार बच्चों की छोटी-छोटी जरूरतें और भावनाएं अनसुनी रह जाती हैं. यह सवाल उन्हें अपनी बात खुलकर कहने का मौका देता है और माता-पिता को बच्चे को बेहतर तरीके से समझने में मदद करता है.
नंबर 4- तुम्हें सबसे ज्यादा प्यार कब महसूस होता है?हर बच्चा प्यार को अलग तरीके से महसूस करता है. किसी को साथ में समय बिताना अच्छा लगता है, तो किसी को तारीफ सुनना. इस सवाल का जवाब माता-पिता को यह समझने में मदद करेगा कि उनका बच्चा प्यार किस तरह महसूस करता है.
नंबर 5- ऐसी कौन-सी बात है जिसकी तुम्हें चिंता रहती है लेकिन तुमने मुझे कभी नहीं बताई?कई डर और चिंताएं बच्चे मन में ही छिपाकर रखते हैं. जब उन्हें खुलकर बोलने का मौका मिलता है, तो वे अपनी भावनाएं आसानी से शेयर कर पाते हैं. यह सवाल माता-पिता और बच्चे के बीच भरोसा मजबूत करेगा.
नंबर 6- ऐसी कौन-सी बात है जिससे तुम खुद पर गर्व महसूस करते हो?जब बच्चा अपनी खूबियों को पहचानना सीखता है, तो उसका आत्मविश्वास भी बढ़ता है. यह सवाल उसे अपनी अच्छी बातों पर ध्यान देने और खुद की काबिलियत को समझने में मदद करेगा.
नंबर 7- अगर घर का एक नियम बदलने का मौका मिले, तो तुम क्या बदलना चाहोगे?इस सवाल से पता चलता है कि बच्चा घर में किस बात से परेशान है या उसे किस चीज की कमी महसूस होती है. कई बार उसके जवाब माता-पिता को ऐसी बातें बता देते हैं, जिन पर उन्होंने पहले कभी ध्यान नहीं दिया होता.
पेरेंटिंग कोच कहती हैं कि बच्चे हमेशा अपनी बातें छिपाना नहीं चाहते, बल्कि कई बार उन्हें सही सवाल का इंतजार होता है. जब माता-पिता बिना डांटे, बिना टोके और पूरे ध्यान से बच्चे की बात सुनते हैं, तो वह खुद को सुरक्षित महसूस करते हैं. ऐसे में समय-समय पर अपने बच्चे से इस तरह के सवाल जरूर करें.
यह भी पढ़ें- ये 5 साइन दिखें, तो समझ जाएं Genius है आपका बच्चा, Child Psychologist ने बताया कब नहीं करनी चाहिए रोक-टोक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं