विज्ञापन

पंजाब से लेकर झारखंड और महाराष्ट्र तक...NEET के बाद इन राज्यों में हुए पेपर लीक, पूरी लिस्ट

Paper Leak Cases after NEET 2026: नीट पेपर लीक के बाद देशभर में परीक्षा सुरक्षा पर सवाल उठे. दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन हुआ. सरकार नए कानून ला रही है, लेकिन इस बीच कई राज्यों में अलग-अलग पेपर लीक हुए. जानिए इन पेपर लीक की पूरी लिस्ट..

पंजाब से लेकर झारखंड और महाराष्ट्र तक...NEET के बाद इन राज्यों में हुए पेपर लीक, पूरी लिस्ट
देशभर के कॉलेजों में प्रोफेसर बनने के लिए होने वाली इस परीक्षा की आंसर-की का छात्र इंतजार कर ही रहे थे कि नए आरोप सामने आ गए.

Paper Leak Cases after NEET 2026: 3 मई 2026 को हुए नीट यूजी (NEET UG 2026) पेपर लीक विवाद ने पूरे देश में एग्जाम सिस्टम पर बड़े सवाल खड़े कर दिए. इस मामले के बाद छात्रों ने कई राज्यों में पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था की मांग उठाई और संसद तक में इस मुद्दे पर बहस हुई. सरकार इस पर नया कानून भी ला रही है. लेकिन नीट पेपर लीक के बाद ही देश के अलग-अलग राज्यों से भी पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी के मामले सामने आए. कहीं भर्ती परीक्षा पर सवाल उठे, तो कहीं यूनिवर्सिटी को परीक्षा रद्द करनी पड़ी. आइए जानते हैं कि नीट विवाद के बाद किन-किन राज्यों में पेपर लीक हुए.

राजस्थान से खुला नीट 2026 पेपर लीक का मामला

नीट यूजी 2026 के विवाद की शुरुआत राजस्थान से हुई. परीक्षा के बाद एक कथित गेस पेपर वायरल हुआ, जिसके कई सवाल असली क्वेश्चन पेपर से मैच करने का दावा किया गया. इसके बाद छात्रों ने शिकायत की और मामला तेजी से बढ़ गया. बाद में जांच में सामने आया कि वायरल गेस पेपर के करीब 120 सवाल असली पेपर से मिलते-जुलते थे. बढ़ते विवाद के बाद केंद्र सरकार ने जांच CBI को सौंप दी और NTA ने परीक्षा कैंसिल करने का फैसला लिया.

पंजाब फार्मेसी ऑफिसर भर्ती में हाईटेक चीटिंग या पेपर लीक

बाबा फरीद यूनिवर्सिटी (BFUHS) ने 19 जुलाई 2026 को 454 फार्मेसी ऑफिसर पदों के लिए परीक्षा कराई. परीक्षा शुरू होते ही कुछ छात्र पकड़े गए, जो स्मार्ट पेन कैमरे से पेपर स्कैन करके व्हाट्सएप के जरिए बाहर भेज रहे थे. बाहर बैठे लोग रीयल-टाइम में पैसे देने वालों को सही जवाब भेज रहे थे. सरकार इसे चीटिंग कह रही है, जबकि छात्र इसे पेपर लीक और सुरक्षा में बड़ी चूक मानकर सख्त कानून की मांग कर रहे हैं.

झारखंड JPSC मेंस एग्जाम ऐन वक्त पर कैंसिल

झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की मुख्य परीक्षा 25, 26 और 27 जुलाई 2026 को होनी थी, लेकिन इसे अचानक टाल दिया गया. आयोग पर आरोप लगा कि उसने उत्तर प्रदेश में ब्लैकलिस्ट हो चुकी एक एजेंसी को परीक्षा कराने का ठेका दे दिया. खुद आयोग के एक सदस्य ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर गड़बड़ी की आशंका जताई थी. भारी विवाद के बाद पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांगते ने इस्तीफा दे दिया और अब CID उनसे पूछताछ कर रही है. छात्र नई तारीखों का इंतजार कर रहे हैं.

महाराष्ट्र TET: 1.5 करोड़ की डील और 24 घंटे पहले लीक

महाराष्ट्र में शिक्षकों के लिए जरूरी टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट (TET) का पेपर जून 2026 में होना था. प्रशासन ने 18,000 AI कैमरे और बायोमेट्रिक जैसी सख्त व्यवस्था की थी. परीक्षा से ठीक 24 घंटे पहले भिवंडी और ठाणे में पुलिस ने छापा मारा. पता चला कि दिल्ली का एक गैंग 1.5 करोड़ रुपये में पेपर बेचने आया था. इसकी वजह से 4.28 लाख छात्रों की परीक्षा तुरंत स्थगित कर दी गई और अब तक 15 आरोपी जेल पहुंच चुके हैं.

उत्तराखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी का पेपर लीक

देहरादून की उत्तराखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी (UTU) में जुलाई 2026 में बीटेक थर्ड ईयर का मशीन लर्निंग पेपर लीक हो गया. जांच में पता चला कि असिस्टेंट प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता ने अपने 22 चहेते छात्रों को व्हाट्सएप पर सवाल भेजे थे, जो असली पेपर से 90 से 95 फीसदी मैच कर गए. इसके बाद यूनिवर्सिटी ने तुरंत दो पेपर रद्द कर दिए. अब 377 छात्रों को अगस्त 2026 के तीसरे हफ्ते में दोबारा परीक्षा देनी होगी. आरोपी प्रोफेसर गिरफ्तार हो चुका है और उस पर 7 साल का बैन लगा दिया गया है.

UGC NET जून 2026 का पेपर 2.5 लाख में बिकने का दावा

देशभर के कॉलेजों में प्रोफेसर बनने के लिए होने वाली इस परीक्षा की आंसर-की का छात्र इंतजार कर ही रहे थे कि नए आरोप सामने आ गए. छात्रों और राहुल गांधी ने दावा किया कि समाजशास्त्र (Sociology) का 100 पेज का पेपर परीक्षा से पहले ही यूपी, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में 2.5 लाख रुपए प्रति छात्र के हिसाब से बेचा गया. इतना ही नहीं 67 सवाल दो साल पुराने पेपर से कॉपी-पेस्ट करने के आरोप भी लगे हैं.

जिन राज्यों में हुए पेपर लीक...शिक्षा मंत्री दें इस्तीफा

बता दें कि अब छात्र जिन-जिन राज्यों में पेपर लीक हुआ वहां के शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की भी मांग कर रहे हैं. 

यह भी पढ़ें- पेपर लीक के बाद भी नहीं जागा NTA, राधाकृष्णन कमेटी की कई सिफारिशें अब तक नहीं हुईं लागू

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
NEET Paper Leak, Paper Leak Cases In India, Maharashtra
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com