Career Opportunities In Yoga : योग अब केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह युवाओं के लिए एक बेहतरीन करियर ऑप्शन के तौर पर भी उभर रहा है. बदलती लाइफस्टाइल, बढ़ते तनाव और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता के चलते देश और दुनिया में योग ट्रेनर्स की मांग तेजी से बढ़ रही है. ऐसे में 12वीं के बाद योग में ग्रेजुएशन या डिप्लोमा करने वाले छात्रों के लिए रोजगार के नए अवसर खुल रहे हैं.
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के बाद बढ़ी लोकप्रियता
दुनिया में हर साल 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है. भारत सरकार की पहल के बाद योग को दुनियाभर में नई पहचान मिली है. इसके चलते स्कूलों, कॉलेजों, कॉर्पोरेट कंपनियों, अस्पतालों और वेलनेस इंडस्ट्री में ट्रेंड योग एक्सपर्ट्स की जरूरत लगातार बढ़ रही है.
योग में उपलब्ध हैं कई प्रोफेशनल कोर्स
योग के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए छात्रों के पास कई ऑप्शंस मौजूद हैं. 12वीं के बाद छात्र बीएससी योग साइंस, बीए योग एजुकेशन, डिप्लोमा इन योग थेरेपी, सर्टिफिकेट कोर्स इन योग और नेचुरोपैथी एंड योग एजुकेशन जैसे कोर्स कर सकते हैं. देश की कई यूनिवर्सिटियां और योग संस्थान इन कोर्सेज को करा रहे हैं.
इन सेक्टर्स में मिल रहे हैं नौकरी के अवसर
योग ट्रेनर्स की मांग केवल योग सेंटर्स तक सीमित नहीं है. आज स्कूलों, कॉलेजों, हेल्थ और वेलनेस सेंटरों, जिम, फिटनेस क्लबों और कॉर्पोरेट कंपनियों में भी योग ट्रेनर्स की जरूरत है. इसके अलावा ट्रेन्ड युवा अपना खुद का योग सेंटर या ऑनलाइन योग क्लास शुरू कर कर सकते हैं.
सैलरी और करियर ग्रोथ की अच्छी संभावनाएं
योग और वेलनेस इंडस्ट्री में शुरुआती स्तर पर 20 हजार से 40 हजार रुपए प्रति महीने तक की इनकम हो सकती है. अनुभव और एक्सपर्टीज बढ़ने के साथ कमाई लाखों रुपए तक पहुंच सकती है. ऑनलाइन ट्रेनिंग, प्राइवेट क्लास और अंतरराष्ट्रीय अवसर इस क्षेत्र की कमाई को और बढ़ाते हैं.
सरकारी और प्राइवेट संस्थानों में बढ़ रही मांग
कई राज्यों में स्कूल शिक्षा में योग को शामिल किया जा रहा है. केंद्रीय विद्यालयों और दूसरे सरकारी संस्थानों में भी योग शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है. वहीं प्राइवेट स्कूल, कॉर्पोरेट हाउस और हेल्थ सेक्टर लगातार ट्रेन्ड योग ट्रेनर्स की भर्ती कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें- NEET UG Re-Exam 2026 Live Updates: समय से पहुंचे एग्जाम सेंटर, 1:30 बजे बंद हो जाएंगे एंट्री गेट, फिर No Entry
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं