बिहार में शिक्षकों की कमी का मुद्दा हर बार गरमाता है, इसी बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा ऐलान कर दिया है. सीएम ने सदन में कहा है कि अगले एक महीने के भीतर स्कूलों में खाली शिक्षकों के पदों को भर दिया जाएगा. जेडीयू विधायक शालिनी मिश्रा ने सदन में ये सवाल पूछा था और शिक्षा विभाग में खाली 85 प्रतिशत पदों को लेकर जवाब मांगा था. इस पर बिहार के सीएम ने बड़ा दावा कर दिया, अब देखना होगा कि एक महीने में कितने स्कूलों में खाली पड़े पदों को भर दिया जाता है. इस मामले को लेकर उच्च शिक्षा मंत्री संजय टाइगर ने कहा कि जल्द ही बहाली की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.
विपक्षी विधायकों ने उठाए सवाल
आरजेडी विधायक भाई बीरेंद्र के पूछे गए सवाल "छात्रों और शिक्षको के प्रॉपर पोशाक नहीं पहनने" पर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने जवाब दिया कि ऐसा नहीं है अगर कोई मामला है तो बताए हम जांच करवा कर 48 घंटे के अंदर कारवाई करने का काम करेंगे. उसके बाद बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने कहा है छात्रों का तो यूनिफॉर्म है, लेकिन शिक्षकों का गरिमापूर्ण पोशाक है.
TRE-4 भर्ती पर शिक्षा मंत्री का बड़ा बयान
TRE-4 भर्ती को लेकर बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बड़ा ऐलान किया. उन्होंने कहा कि इसी महीने अधिसूचना भेजी जाएगी और अगले 5 साल में एक लाख शिक्षकों की बहाली की जाएगी. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इसके निर्देश दिए हैं. जो भी कमियां हैं उसे दूर किया जाएगा, टीआरई की बहाली के बाद सभी की शिकायत दूर हो जाएगी.
सरकारी स्कूलों में रखे कंप्यूटर्स को लेकर सवाल
राजू तिवारी ने सरकारी स्कूलों में धूल फांक रहे कंप्यूटर को लेकर सवाल पूछा, इस पर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि 15 अगस्त तक सभी विद्यालयों में तकनीकी पढ़ाई की सुविधा को शुरू कर दिया जाएगा. सरकार इसकी जांच भी कराएगी. इसके अलावा प्रदेश में गोपालगंज, पूर्वी चंपारण ,पश्चिमी चंपारण सहित 33 जिलों में प्राथमिक एवं मध्य विद्यालय में 2294 विद्यालयों का अपना भवन नहीं होने का मामला उठाया गया.
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि कई प्राथमिक विद्यालयों में जमीन उपलब्ध नहीं है . विभाग को निर्देश दिया गया है कि ऐसे सभी विद्यालयों की सूची दी जाए जहां भवन नहीं है और जहां जमीन की कमी है वहां राजस्व भूमि सुधार विभाग से भी भूमि उपलब्ध कराने की बात कही गई है. हमारा संकल्प है कोई भी विद्यालय बिना भवन का नहीं रहे उसे हम जल्द से जल्द पूरा करें.
ये भी पढ़ें - 522 के बदले सिर्फ 95 नंबर मिलने का दावा, NEET रिजल्ट में गड़बड़ी को लेकर हाईकोर्ट पहुंचा छात्र
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं