- मध्य प्रदेश के देवास के IPS आदित्य मिश्रा और पंजाब कैडर की IAS पल्लवी मिश्रा सगे भाई बहन है
- पिता अजय मिश्रा ने 25 वर्षों तक भोपाल-जबलपुर के बीच रहकर बच्चों की बेहतर शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण त्याग किया
- मां डॉ. रेणु मिश्रा ने नौकरी के साथ बच्चों की पढ़ाई और तैयारी में पूर्ण सहयोग दिया जो सफलता की आधारशिला बनी
IPS Aaditya Mishra IAS Pallavi Mishra: संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में सफलता केवल अभ्यर्थी की मेहनत का नतीजा नहीं होती, इसके पीछे पूरे परिवार का त्याग, अनुशासन और सहयोग छिपा होता है. मध्य प्रदेश के देवास एसपी आदित्य मिश्रा और उनकी छोटी बहन, पंजाब कैडर की IAS अधिकारी पल्लवी मिश्रा इसकी मिसाल हैं. पिता ने बच्चों की पढ़ाई के लिए 25 वर्षों तक भोपाल और जबलपुर के बीच जिंदगी बांट दी, मां ने नौकरी के साथ परिवार संभाला, चाचा-चाची और चचेरी बहनों ने हर कदम पर साथ दिया. भोपाल में संयुक्त परिवार के इसी सामूहिक प्रयास का परिणाम है कि आज एक ही परिवार से भाई-बहन IAS और IPS अधिकारी निकले हैं.

ips aaditya mishra ias pallavi mishra
पिता की 25 साल की तपस्या
IPS आदित्य मिश्रा बताते हैं कि उनके पिता अजय मिश्रा वरिष्ठ अधिवक्ता हैं और मध्य प्रदेश हाईकोर्ट, जबलपुर तथा सुप्रीम कोर्ट में वकालत करते हैं. बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने के लिए उन्होंने परिवार को भोपाल में रखा, जबकि खुद जबलपुर में रहकर काम करते रहे. बीते 25 वर्षों से उनका जीवन भोपाल और जबलपुर के बीच बंटा हुआ है. सप्ताह में चार रातें नर्मदा एक्सप्रेस में गुजरना उनकी दिनचर्या का हिस्सा रहा. आदित्य मानते हैं कि पिता का यही त्याग उनकी और पल्लवी की सफलता की सबसे मजबूत नींव बना.

ips aaditya mishra ias pallavi mishra family
मां ने नौकरी के साथ बच्चों का भविष्य संवारा
आदित्य की मां डॉ. रेणु मिश्रा श्री सत्य साई महिला महाविद्यालय, भोपाल की प्राचार्य हैं. उन्होंने अपनी पेशेवर जिम्मेदारियों के साथ बच्चों की शिक्षा और यूपीएससी की तैयारी पर भी पूरा ध्यान दिया. आदित्य कहते हैं कि मां का सहयोग नहीं मिलता तो उनका और पल्लवी का यहां तक पहुंचना आसान नहीं था.
चाचा-चाची बने सबसे बड़ा सहारा
संयुक्त परिवार का लाभ आदित्य और पल्लवी को भरपूर मिला. चाचा संजय मिश्रा, जो भोपाल के जाने-माने चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं, बचपन से लेकर करियर के अहम फैसलों तक हमेशा साथ रहे. स्कूल की पैरेंट्स मीटिंग हो, कोटा में इंजीनियरिंग की कोचिंग के लिए दाखिला हो या जीवन के बड़े फैसले, आदित्य और पल्लवी ने अक्सर चाचा की सलाह को प्राथमिकता दी. वहीं चाची अर्चना मिश्रा ने अपने बच्चों और आदित्य-पल्लवी में कभी कोई अंतर नहीं किया. आदित्य कहते हैं कि उन्हें चाची से भी उतना ही स्नेह मिला जितना मां से.

ips aaditya mishra
चचेरी बहनें भी बनीं ताकत
आदित्य अपनी चचेरी बहनों पलक और संजना मिश्रा के योगदान को भी नहीं भूलते. वे बताते हैं कि जब उन्हें पढ़ाई के लिए ऊपर वाला कमरा चाहिए होता, तो दोनों बहनें नीचे वाले कमरे में एडजस्ट कर लेती थीं. देर रात पढ़ाई करते-करते थक जाते तो उनके लिए चाय और कॉफी भी बनाकर लाती थीं. आज पलक मिश्रा ई-कॉमर्स कंपनी मिंत्रा में डिजाइन हेड हैं, जबकि संजना बैंकिंग सेक्टर में कार्यरत हैं.

ips aaditya mishra ias pallavi mishra family
दादा-दादी ने दिए संस्कार
परिवार की जड़ों की बात करें तो आदित्य और पल्लवी के दादा महेश दत्त मिश्रा मध्य प्रदेश पुलिस में DSP रहे हैं. वहीं 94 वर्षीय दादी उर्मिला मिश्रा आज भी पूरे परिवार को एक सूत्र में बांधे हुए हैं. दिलचस्प बात यह है कि 1950 के दशक में उर्मिला मिश्रा अपने कॉलेज की क्रिकेट टीम की विकेटकीपर हुआ करती थीं. आदित्य मानते हैं कि परिवार में शिक्षा, अनुशासन और संस्कारों का वातावरण दादा-दादी की ही देन है.

ips aaditya mishra ias pallavi mishra family
पत्नी ने भी निभाई अहम भूमिका
आदित्य मिश्रा की पत्नी उनकी कॉलेज सीनियर रही हैं. शादी के बाद उन्होंने अपनी अमेरिकी नौकरी छोड़ दी. बाद में जब आदित्य की पोस्टिंग नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में हुई तो उन्होंने साथ रहने की जिद करने के बजाय परिस्थितियों को समझा और उनका मनोबल बढ़ाया. मद्रास IIT से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में पढ़ाई करने वाली उनकी पत्नी वर्तमान में अमेरिका की सियाटल स्थित एक कंपनी में सीनियर रिसर्च साइंटिस्ट के रूप में वर्क फ्रॉम होम कर रही हैं. आदित्य कहते हैं कि परिवार की तरह पत्नी का सहयोग भी उनके करियर की महत्वपूर्ण ताकत रहा है. बालाघाट में एसपी रहते हुए उनकी कार्यशैली को काफी सराहना मिली. यही वजह रही कि तबादले के समय कई स्थानीय लोग भावुक हो गए थे.
मध्य प्रदेश के भाई-बहन ऐसे बने IPS और IAS
आदित्य मिश्रा ने वर्ष 2017 की UPSC परीक्षा में ऑल इंडिया 158वीं रैंक हासिल की थी. दूसरे प्रयास में उन्हें सफलता मिली. मध्य प्रदेश सर्विस कैडर अलॉट हुआ. बड़े भाई की सफलता से प्रेरित होकर पल्लवी मिश्रा ने भी यूपीएससी की तैयारी शुरू की और दूसरे प्रयास में 73वीं रैंक हासिल कर IAS अधिकारी बनीं. आदित्य कहते हैं कि लोग आज उनकी और पल्लवी की सफलता देखते हैं, लेकिन इसके पीछे वर्षों का पारिवारिक त्याग छिपा है. यह कहानी सिर्फ एक IPS और एक IAS अधिकारी की नहीं, बल्कि उस परिवार की भी है जिसने अपने सपनों से पहले बच्चों के सपनों को रखा और उन्हें पूरा होते देखा.

ips aaditya mishra with Late Grandfathe MD Mishra
यह भी पढ़ें- IPS आदित्य मिश्रा के तबादले से भावुक हुआ बालाघाट, लोगों ने कहा- ऐसे SP फिर नहीं मिलेंगे
यह भी पढ़ें- भाई बने देवास के SP, बहन संभालेंगी अमृतसर की कमान, IPS आदित्य मिश्रा-IAS पल्लवी मिश्रा कौन हैं?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं