विज्ञापन
This Article is From Jun 10, 2020

10 जून का इतिहास : भारतीय क्रिकेट टीम ने लॉर्ड्स के मैदान पर आज ही हासिल की थी पहली टेस्ट जीत

भारतीय क्रिकेट के इतिहास के लिए 10 जून के दिन का खास महत्व है. यही वह दिन है, जब भारतीय टीम को पहली बार लॉर्ड्स के मैदान पर टेस्‍ट मैच में जीत हासिल हुई.

10 जून का इतिहास : भारतीय क्रिकेट टीम ने लॉर्ड्स के मैदान पर आज ही हासिल की थी पहली टेस्ट जीत
इसी दिन भारतीय क्रिकेट टीम ने लार्डस मैदान पर पहली टेस्ट जीत हासिल की थी.
नई दिल्ली:

भारतीय क्रिकेट के इतिहास के लिए 10 जून के दिन का खास महत्व है. यही वह दिन है, जब भारतीय टीम को लॉर्ड्स के मैदान पर टेस्‍ट मैच में पहली बार जीत हासिल हुई. कपिल देव की अगुवाई में भारतीय टीम ने 10 जून, 1986 को इंग्‍लैंड को 5 विकेट से हराकर इतिहास रचा था. लार्ड्स को क्रिकेट का मक्का कहा जाता है और वहां जीत दर्ज करना अपने आप में क्रिकेट के हज के बराबर है. 1986 में भारतीय टीम जब इंग्‍लैंड दौरे पर गई थी तो पहले ही टेस्‍ट मैच में ऐसी अप्रत्‍याशित जीत मिल जाएगी, यह किसी ने नहीं सोचा था. इस मैच में इंग्‍लिश टीम ने पहली पारी में 294 रन बनाए थे, जिसके जवाब में भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी 341 रन पर समाप्‍त की. इसके बाद इंग्‍लैंड के बल्‍लेबाज दूसरी पारी में 180 रन पर ही सिमट गए. ऐसे में भारत के पास मैच जीतने का बेहतरीन मौका था और उन्‍होंने दूसरी पारी में 5 विकेट खोकर 136 रन का लक्ष्‍य हासिल कर लिया और इतिहास रच दिया.

देश-दुनिया के इतिहास में 10 जून की तारीख पर दर्ज अन्य प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:

1246 : नसीरुद्दीन मुहम्मद शाह प्रथम दिल्ली का शासक बना. इससे पहले दिल्ली के सुलतान अलाउद्दीन मसूद शाह को निर्वासित कर दिया गया.

1829 : ब्रिटेन की आक्सफोर्ड और कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी के बीच पहली बोट रेस.

1848 : न्यूयॉर्क और शिकागो के बीच पहला टेलीग्राफ लिंक शुरू.

1931 : नार्वे ने पूर्वी ग्रीनलैंड पर कब्जा किया.

1934 : सोवियत संघ और रोमानिया के बीच राजनयिक संबंध दोबारा स्थापित.

1940 : इटली ने द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान फ्रांस और ब्रिटेन के खिलाफ लड़ाई की घोषणा की.

1946 : राजशाही खत्म होने के बाद इटली गणतांत्रिक राष्ट्र बना.

1966 : वायुसेना के लड़ाकू विमान ‘मिग' का महाराष्ट्र के नासिक जिले से उत्पादन शुरू.

1967 : इस्राइल ने संयुक्त राष्ट्र के प्रस्ताव पर युद्धविराम को स्वीकार कर छह दिन से चल रहे अरब युद्ध को समाप्त कर दिया. इस दौरान इस्राइल ने यहूदियों, ईसाइयों और मुसलमानों के लिए पवित्र माने जाने वाले येरूशलम पर पूरी तरह कब्जा कर लिया.

1971 : अमेरिका ने चीन के 21 साल के व्यापार प्रतिबंध को खत्म कर दिया.

1972 : मुबई के मडगांव बन्दरगाह से पूर्ण वातानुकुलित पोत हर्षवर्धन का जलावतरण.

1986 : भारत ने इंग्लैंड को 5 विकेट से हराकर लॉर्ड्स में पहली टेस्ट जीत दर्ज की.

1999 : नाटो ने कोसोवो प्रांत पर पिछले 79 दिन से की जा रही बमबारी को रोकने का ऐलान किया. देश से सर्ब सैनिकों की वापसी शुरू होने पर यह घोषणा की गई.

2002 : पाकिस्तान ने विश्व की दूसरी सबसे ऊँची चोटी के-2 का नाम बदलकर ‘शाहगौरी' कर दिया.

2003 : नासा का मंगलयान रोवर लॉन्च.

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Indian Cricket Team, 10 June History, Indian Cricket Team Test Match
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com