खास बातें
- ऑनलाइन मीडिया कंपनी याहू ने अपने मुख्य कार्यकारी अधिकारी कैरोल बात्ज को नौकरी से बर्खास्त कर दिया है।
न्यूयॉर्क: ऑनलाइन मीडिया कंपनी याहू ने अपने मुख्य कार्यकारी अधिकारी कैरोल बात्ज को नौकरी से बर्खास्त कर दिया है। कैरोल को दो साल पहले कंपनी की स्थिति मजबूत करने के लिए लाया गया था। कंपनी के मुख्य वित्तीय अधिकारी टिम मोर्स अंतरिम मुख्य कार्यकारी के रूप में काम करेंगे। कैलिफोर्निया स्थित याहू ने मंगलवार को घोषणा की कि नेतृत्व पुनर्गठन के तहत निदेशक मंडल ने तत्काल प्रभाव से कैरोल को मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पद से हटाकर मोर्स को अंतरिम सीईओ नियुक्त किया है। मोर्स याहू के मुख्य वित्तीय अधिकारी की अपनी मौजूदा जिम्मेदारी को निभाते रहेंगे। कर्मचारियों को ई-मेल के जरिए भेजे संदेश में कैरोल ने कहा, मुझे यह बताते हुए दु:ख हो रहा है कि मुझे पद से हटा दिया गया है। याहू के निदेशक मंडल के चेयरमैन ने फोन पर मुझे पद से हटाए जाने की सूचना दी। उन्होंने लिखा है, आपके साथ काम करना मेरे लिए आनंदायक रहा और मैं आपको आने वाले दिनों के लिये शुभकामना देती हूं। याहू ने कहा कि वह स्थायी रूप से मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर रही है।