यह ख़बर 10 अगस्त, 2011 को प्रकाशित हुई थी

फेडरल रिजर्व अगले दो साल तक शून्य पर रखेगा ब्याज दर

खास बातें

  • अमेरिकी फेडरल रिजर्व ने अर्थव्यवस्था की कमजोर तस्वीर पेश करने के साथ चेताया है कि यह स्थिति निकट भविष्य में कुछ समय तक बनी रहेगी।
वाशिंगटन:

अमेरिकी फेडरल रिजर्व ने अर्थव्यवस्था की कमजोर तस्वीर पेश करने के साथ चेताया है कि यह स्थिति निकट भविष्य में कुछ समय तक बनी रहेगी। फेडरल रिजर्व ने इसी के मद्देनजर ब्याज दरों को अगले दो साल तक लगभग शून्य के स्तर पर रखने का फैसला किया है। फेडरल रिजर्व की फेडरल ओपन मार्केट कमेटी ने कहा, वर्तमान में चलाए जा रहे आर्थिक पुनरुद्धार के प्रयासों तथा महंगाई को एक निश्चित स्तर पर रखने के लिए कमेटी ने फैसला किया है कि फेडरल कोष की दरें शून्य से 0.25 प्रतिशत के स्तर पर रहेंगी। एफएमओसी ने बयान में कहा, कमेटी ने वर्तमान में अनुमान लगाया है कि आर्थिक स्थितियां, संसाधनों के इस्तेमाल की निचली दर तथा मध्यम अवधि में महंगाई के परिदृश्य की वजह से फेडरल कोष की दरें 2013 के मध्य तक बेहद कम स्तर पर रहेंगी। हालांकि कमेटी का यह फैसला सर्वसम्मति से नहीं लिया जा सका। फेडरल रिजर्व बोर्ड के चेयरमैन बेन एस बर्नान्के और उप प्रमुख विलियम सी डुडले ने पांच अन्य के साथ इसके पक्ष में मतदान किया, जबकि भारतीय अमेरिकी नारायण कोचरलाकोता सहित तीन अन्य ने इस प्रस्ताव के विरोध में वोट किया। साख निर्धारण एजेंसी स्टैंडर्ड एंड पुअर्स द्वारा अमेरिका की ऋण साख को ट्रिपल ए से घटाकर एएप्लस किए जाने के बाद एफएमओसी ने यह कदम उठाया है। एफएमओसी का कहना है कि आगामी तिमाहियों में आर्थिक वृद्धि की दर उसके द्वारा पूर्व में लगाए गए अनुमान से कम रहेगी। साथ ही बेरोजगारी की दर में गिरावट भी कम होगी।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com