खास बातें
- देश की शीर्ष 10 प्रमुख कंपनियों में से सात के बाजार पूंजीकरण में पिछले सप्ताह 35,933 करोड़ रुपये की गिरावट दर्ज की गई जिसमें सबसे अधिक नुकसान टीसीएस को हुआ।
मुंबई: देश की शीर्ष 10 प्रमुख कंपनियों में से सात के बाजार पूंजीकरण में पिछले सप्ताह 35,933 करोड़ रुपये की गिरावट दर्ज की गई जिसमें सबसे अधिक नुकसान टीसीएस को हुआ। समीक्षाधीन सप्ताह में टीसीएस का बाजार पूंजीकरण 16,881 करोड़ रुपये घटकर 2,05,165 करोड़ रुपये पर आ गया। इस दौरान कंपनी के शेयर में 7.6 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई। सितंबर को समाप्त तिमाही में टीसीएस का शुद्ध लाभ 6.1 प्रतिशत की बढ़त के साथ 2,301 करोड़ रुपये रहा। यह लाभ बाजार के अनुमान से कम था। इस दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 10,281 करोड़ रुपये घटकर 2,73,529 करोड़ रुपये रहा, जबकि ओएनजीसी का बाजार पूंजीकरण 1,070 करोड़ रुपये घटकर 2,27,062 करोड़ रुपये पर आ गया। समीक्षाधीन सप्ताह में एनटीपीसी का बाजार पूंजीकरण 3,092 करोड़ रुपये घटकर 1,39,554 करोड़ रुपये रह गया, जबकि भारती एयरटेल के बाजार पूंजीकरण में 2,222 करोड़ रुपये की गिरावट आई और यह 1,43,508 करोड़ रुपये रह गया। इस दौरान, इनफोसिस के बाजार पूंजीकरण में 1,260 करोड़ रुपये की गिरावट दर्ज की गई जो 1,56,338 करोड़ रुपये रहा। वहीं, आईटीसी का बाजार पूंजीकरण 1,127 करोड़ रुपये घटकर 1,58,297 करोड़ रुपये रह गया। इसके उलट, कोल इंडिया ने बाजार पूंजीकरण में 4,137 करोड़ रुपये जोड़े और कंपनी का बाजार पूंजीकरण 2,07,713 करोड़ रुपये रहा।