आईटी शेयरों में लिवाली से बाजार में लगातार पांचवें दिन तेजी, सेंसेक्स 96 अंक और चढ़ा

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.16 प्रतिशत की बढ़त के साथ 93.48 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंचा, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 25 पैसे चढ़कर 82.75 (अस्थायी) पर बंद हुआ

आईटी शेयरों में लिवाली से बाजार में लगातार पांचवें दिन तेजी, सेंसेक्स 96 अंक और चढ़ा

प्रतीकात्मक फोटो.

मुंबई:

घरेलू शेयर बाजार में गुरुवार को लगातार पांचवे कारोबारी सत्र में तेजी दर्ज की गई और बीएसई सेंसेक्स 95.71 अंक चढ़कर बंद हुआ. वैश्विक बाजारों में गिरावट के बावजूद सूचना प्रौद्योगिकी (IT) कंपनियों के शेयरों में कारोबार के अंतिम घंटे में लिवाली से बाजार में तेजी आई. रुपये में मजबूती से भी निवेशकों को समर्थन मिला.

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स में कारोबार के दौरान उतार-चढ़ाव रहा और अंत में यह 95.71 अंक यानी 0.16 प्रतिशत की बढ़त के साथ 59,202.90 अंक पर बंद हुआ. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 51.70 अंक यानी 0.30 प्रतिशत की बढ़त के साथ 17,563.95 अंक पर बंद हुआ.

सेंसेक्स के शेयरों में एचसीएल टेक्नोलॉजीज में सबसे अधिक 2.22 प्रतिशत की तेजी आई. टेक महिंद्रा, एनटीपीसी, पावरग्रिड, बजाज फिनसर्व, नेस्ले, भारती एयरटेल, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और इंफोसिस प्रमुख रूप से लाभ में रहे.

दूसरी तरफ, इंडसइंड बैंक के शेयर में सबसे अधिक 4.71 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई तथा एशियन पेंट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, एचडीएफसी बैंक, टाइटन और एक्सिस बैंक के शेयर भी नुकसान में रहे.

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के खुदरा शोध प्रमुख सिद्धार्थ खेमका ने कहा, ‘‘वैश्विक चुनौतियों के बावजूद दीपावली से पहले धारणा सकारात्मक रही और अब तक अच्छी कमाई हुई है. निफ्टी लगातार तीसरे दिन 17,400 के ऊपर बना हुई है, जो मजबूत आधार दर्शाता है.''

उन्होंने कहा, ‘‘उम्मीद है कि निकट भविष्य में बाजार में मजबूती बनी रहेगी. कंपनियों के तिमाही परिणाम घोषित करने से बाजार में क्षेत्र आधारित घट-बढ़ जारी रहेगी.''

रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के अनुसंधान उपाध्यक्ष अजीत मिश्रा ने कहा कि बाजार हालिया बढ़त को बनाए रख रहा है और रुख अभी भी सकारात्मक है.

वहीं, बीएसई का ‘मिडकैप' 0.30 प्रतिशत और ‘स्मॉलकैप' सूचकांक 0.01 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ.

कई देशों के केंद्रीय बैंक की बैठकों से पहले वैश्विक शेयर बाजार काफी हद तक नुकसान में रहे. एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कंपोजिट सूचकांक, हांगकांग का हैंगसेंग और जापान का निक्की गिरावट के साथ बंद हुए. यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में मिला-जुला रुख रहा. अमेरिकी शेयर बाजार वॉल स्ट्रीट बुधवार को गिरावट में बंद हुआ.

इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.16 प्रतिशत की बढ़त के साथ 93.48 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया. अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 25 पैसे चढ़कर 82.75 (अस्थायी) पर बंद हुआ.

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशक पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे. उन्होंने बुधवार को 453.91 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे.