खास बातें
- देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज ने चालू वित्तवर्ष के दौरान करीब 60,000 कर्मचारियों की नियुक्ति करने की योजना बनाई है।
Mumbai: देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) ने चालू वित्तवर्ष के दौरान करीब 60,000 कर्मचारियों की नियुक्ति करने की योजना बनाई है। कंपनी को अपने परिचालनों के लिए वीजा हासिल करने में कोई समस्या नहीं है। मार्च, 2011 के अंत तक टीसीएस के कर्मचारियों की कुल संख्या 1,98,614 थी, जिससे वह देश में निजी क्षेत्र की कंपनियों में कर्मचारी संख्या के लिहाज से सबसे बड़ी कंपनी रही। कंपनी ने बंबई स्टॉक एक्सचेंज को बताया कि उसने वर्ष 2011-12 के लिए 2,300 करोड़ रुपये का पूंजी निवेश करने की योजना बनाई है। कंपनी कुछ बाजारों में निवेश या अधिग्रहण की संभावनाओं पर विचार करेगी। इसके अलावा, कंपनी लातिनी अमेरिका, पश्चिम एशिया और एशिया में अपनी बाजार हिस्सेदारी बढ़ाने पर भी विचार करेगी। वर्ष 2010-11 के दौरान, उत्तरी अमेरिका ने कंपनी की आय में 54 प्रतिशत का योगदान दिया।