खास बातें
- टीसीएस ने क्लाउड कंप्यूटिंग प्रौद्योगिकी आईऑन राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में भी पेश करने की घोषणा की, जो लघु एवं कुटीर दर्जे की कंपनियों के लिए उपलब्ध होगा।
New Delhi: आईटी सेवा प्रदाता टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज (टीसीएस) ने क्लाउड कंप्यूटिंग प्रौद्योगिकी आईऑन राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में भी पेश करने की घोषणा की, जो लघु एवं कुटीर दर्जे की कंपनियों के लिए उपलब्ध होगा। कंपनी का कहना है कि आईऑन क्लाउड कंप्यूटिंग प्रौद्योगिकी की मदद से व्यावसायिक समाधान सेवा उपलब्ध कराता है। यह पे-पर-यूज यानी जब चाहो पैसा दे कर इस्तेमाल करो के मॉडल पर काम करता है। इसमें छोटी और मझोली इकाइयों को अलग से सूचना प्रौद्योगिकी तंत्र स्थापित करने या इस प्रौद्योगिकी में कुशल कर्मियों की भर्ती करने की जरूरत नहीं रहेगी। टीसीएस के प्रबंध निदेशक एन चंद्रशेखरन ने कहा है कि उनकी कंपनी ने यह उत्पाद देश के लगभग 3.5 करोड़ लघु एवं कुटीर उद्यमों की जरूरतों और उनकी क्षमता को देखकर पेश किया है। उन्होंने कहा कि इसका इस्तेमला आसान तथा कम खर्चीला है। आईऑन में इन उपक्रमों के मानवसंसाधन, वित्तीय इन्वेंट्री, डोमेन उपक्रम संसाधन योजना (ईआरपी) ईमेल, डाक्यूमेंट प्रबंध वेबसाइट और ऐसी अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती है। टीसीएस यह प्रौद्योगिकी सेवा देश भर में 100 क्लाउड कंप्यूटिंग सर्विस भागीदारों के माध्यम की मदद से उपलब्ध करा रहा है। कंपनी के अनुसार शुरुआत में ही 240 ग्राहक बन चुके हैं।