खास बातें
- वित्तमंत्री प्रणब मुखर्जी ने बताया कि स्विटजरलैंड के साथ बैंकिंग सूचना साझा करने संबंधी हस्ताक्षरित समझौता सितंबर से अमल में आने की उम्मीद है।
New Delhi: वित्तमंत्री प्रणब मुखर्जी ने शुक्रवार को बताया कि स्विटजरलैंड के साथ बैंकिंग सूचना साझा करने संबंधी हस्ताक्षरित समझौता सितंबर से अमल में आने की उम्मीद है। इस बारे में यूरोपीय देश के विभिन्न राज्यों में इस समझौते के अनुमोदन की प्रक्रिया जारी है। इस समझौते के अमल में आने के बाद स्विटजरलैंड के बैंकों में भारतीयों के खातों के बारे में सूचना हासिल करने में मदद मिलेगी। काले धन का पता लगाने को एक सतत प्रक्रिया बताते हुए लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान सदस्यों के सवालों के जवाब में मुखर्जी ने कहा कि उन्होंने यूपीए प्रथम सरकार के कार्यकाल में बतौर वित्तमंत्री स्विटजरलैंड के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए थे, जिसमें किसी भी एक पक्ष की मांग पर बैंकिंग सूचना उपलब्ध कराने का प्रावधान है। इससे भारतीयों के वहां के बैकों में मौजूद खातों के बारे में पता चल सकेगा। उन्होंने सदन को सूचित किया कि स्विस संसद ने इस समझौते को मंजूरी प्रदान कर दी है, लेकिन स्विटजरलैंड में प्रभावी प्रत्यक्ष लोकतंत्र के नियमों के अनुसार सभी राज्यों से इस समझौते का अनुमोदन कराना होगा।