खास बातें
- पिछले छह सत्रों में करीब 1,300 अंक की बढ़त हासिल करने वाला सेंसेक्स 83.07 अंक की गिरावट के साथ 18,762.80 अंक पर बंद हुआ।
Mumbai: शेयर बाजार में पिछले छह कारोबारी सत्रों से जारी तेजी शुक्रवार को थम गई। आरआईएल, एलएंडटी और एचयूएल जैसे दिग्गज शेयरों में मुनाफावसूली से बंबई स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 83 अंक टूटकर बंद हुआ। पिछले छह कारोबारी सत्रों में करीब 1,300 अंक की बढ़त हासिल करने वाला सेंसेक्स 83.07 अंक की गिरावट के साथ 18,762.80 अंक पर बंद हुआ। हालांकि कारोबार के दौरान एक समय यह 19,000 का स्तर छू गया था। इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 5,700 अंक का स्तर छूने के बाद 20.20 अंक की गिरावट के साथ 5,627.20 अंक पर बंद हुआ। हालांकि, आईटी शेयरों में लिवाली ने बाजार को बड़ी गिरावट से बचा लिया। सेंसेक्स में सबसे अधिक भारांश रखने वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 3.95 प्रतिशत टूट गया। वहीं भारती एयरटेल 2.99 प्रतिशत और मारुति सुजुकी 2.18 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ। उधर, केयर्न-वेदांता सौदे को सरकार की मंजूरी मिलने से केयर्न इंडिया का शेयर 4.81 प्रतिशत उछाल के साथ बंद हुआ, जबकि ओएनजीसी में 0.88 प्रतिशत की बढ़त देखी गई।