मुंबई: शेयर बाजार में आज गिरावट का रुख देखने को मिल रहा है. अंतरराष्ट्रीय बाजारों के दबाव में बुधवार को भारतीय शेयर बाजारों में भी असर देखने को मिल रहा है. सेंसेक्स 285 अंक नीचे और निफ्टी 83 अंक नीचे सुबह कारोबार कर रहा है. सेंसेक्स 61069 और निफ्टी 18064 पर कारोबार कर रहे थे. निफ्टी 50 में 33 शेयरों में डिक्लाइन देखने को मिल रहा है जबकि 17 शेयरों में एडवांसेस है. निफ्टी में NTPC, BPCL, ASIANPAINT, POWERGRID, NESTLEIND में तेजी देखने को मिल रही है जबकि HINDALCO, JSWSTEEL, BRITANNIA, TCS, TECHM में गिरावट का दौर है.
बीएसई में 3629 स्टॉक्स में आज कारोबार हो रहा है. 2179 में सुबह एडवांसेस दिख रहा है जबकि 1314 में डिक्लाइन है और 136 शेयरों में कोई बदलाव नहीं दिख रहा है. 73 स्टॉक्स में 52 हफ्तों के सबसे ऊंचे स्तर को छुआ है जबकि 10 शेयरों में 52 हफ्तों के निचले स्तर को छुआ है. 94 शेयरों में अपर सर्किट दिखाई दे रहा है जबकि 51 शेयरों में यहां पर लोवर सर्किट लग चुका है.
बीएसई में इस समय NTPC, POWERGRID, HINDUNILVR, ASIANPAINT, TITAN, NESTLEIND के शेयरों में तेजी देखी जा रही है. साथ ही KOTAKBANK, MARUTI, HDFCBANK, TATASTEEL, WIPRO, SBIN के शेयर लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं.
गौरतलब है कि स्थानीय शेयर बाजारों में मंगलवार को लगातार आठवें कारोबारी सत्र में तेजी जारी रही थी और बीएसई सेंसेक्स 242 अंक से अधिक की बढ़त में बंद हुआ था. विदेशी संस्थागत निवेशकों के निवेश के बीच सूचकांक में मजबूत हिस्सेदारी रखने वाली इन्फोसिस और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में लिवाली से बाजार में तेजी रही थी.
साथ ही एशिया के अन्य बाजारों में मजबूत रुख तथा अप्रैल में रिकॉर्ड जीएसटी (माल एवं सेवा कर) संग्रह से भी बाजार को समर्थन मिला था. तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 242.27 अंक यानी 0.40 प्रतिशत की बढ़त के साथ 61,354.71 अंक पर बंद हुआ था. कारोबार के दौरान एक समय यह 373.8 अंक तक चढ़ गया था. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 82.65 अंक यानी 0.46 प्रतिशत की तेजी के साथ 18,147.65 अंक पर बंद हुआ था.