मुंबई: शेयर बाजार में मंगलवार को तेजी देखने को मिल रही है. सुबह के कारोबार में सेंसेक्स 233 अंक ऊपर और निफ्टी 69 अंक ऊपर कारोबार कर रहा था. सेंसेक्स 61345 पर और निफ्टी 18134 पर कारोबार कर रहा था. निफ्टी 50 में 42 शेयरों में तेजी देखी जा रही है जबकि 8 शेयरों में डिक्लाइन दिख रहा है. सबसे तेजी से एसबीआईलाइफ, पावरग्रिड, ओएनजीसी, कोल इंडिया, रिलायंस में तेजी है जबकि केवल इंडसइंड में गिरावट दिख रही है.
वहीं, सेंसेक्स में 3629 शेयरों में कारोबार हो रहा है. 2179 शेयरों में मांग है जबकि 1314 में बिकवाली दिख रही है. 99 शेयरों ने इस समय 52 हफ्तों की तेजी छू ली है जबकि 22 शेयरों ने 52 हफ्तों के निचले स्तर को छुआ है. 109 शेयरों में अपर सर्किट लग चुका है जबकि 91 शेयरों में लोवर सर्किट लग चुका है.
बता दें कि सोमवार को महाराष्ट्र दिवस के बाजार बंद थे. इससे पहले शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजारों में लगातार पांचवें दिन तेजी रही और बीएसई सेंसेक्स 463 अंक उछलकर 61,000 के पार पहुंच गया था. मजबूत वैश्विक संकेतों के बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज एवं आईटीसी के शेयरों में जोरदार लिवाली होने से बाजार में तेजी बरकरार रही थी. बीएसई का 30 शेयरों वाला सूचकांक सेंसेक्स 463.06 अंक यानी 0.76 प्रतिशत की तेजी के साथ 61,112.44 अंक पर बंद हुआ था. कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने एक समय 560.08 अंक तक की छलांग भी लगाई थी.
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का मानक सूचकांक निफ्टी भी 149.95 अंक यानी 0.84 प्रतिशत चढ़कर 18,065 अंक पर पहुंच गया था.
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में से विप्रो ने सर्वाधिक 2.89 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की थी. नेस्ले, भारतीय स्टेट बैंक, लार्सन एंड टुब्रो, आईटीसी, टेक महिंद्रा, रिलायंस इंडस्ट्रीज, कोटक महिंद्रा बैंक और बजाज फाइनेंस के शेयरों में भी तेजी रही थी.
दूसरी तरफ, एक्सिस बैंक, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टाइटन, हिंदुस्तान यूनिलीवर, बजाज फिनसर्व और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में 2.39 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई थी.