खास बातें
- मुद्रास्फीति में बढ़त और वैश्विक बाजारों में कमजोरी के बावजूद विदेशी निवेशकों की लिवाली से बीएसई सेंसेक्स 145 अंक चढ़कर बंद हुआ।
मुंबई: दो दिन के अवकाश के बाद शुक्रवार को खुले शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन तेजी जारी रही। मुद्रास्फीति में बढ़त और वैश्विक बाजारों में कमजोरी के बावजूद विदेशी निवेशकों की लिवाली से बीएसई सेंसेक्स 145 अंक चढ़कर बंद हुआ। पिछले दो कारोबारी सत्रों में करीब 828 अंक बढ़त हासिल कर चुका सेंसेक्स शुक्रवार को और 144.71 अंक मजबूत होकर 16,821.46 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह दिन के उच्च स्तर 16,989.86 को छू गया था। इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 39 अंक की बढ़त लेकर 5,040 अंक पर बंद हुआ। बुधवार को बाजार ईद और गुरुवार को गणेश चतुर्थी के उपलक्ष्य में बंद था। ब्रोकरों ने कहा कि पिछले कुछ सत्रों में तेज गिरावट के बाद मजबूत कंपनियों के शेयर आकर्षक भाव पर आ गए थे, जिसका फायदा उठाने के लिए निवेशक पिछले तीन कारोबारी सत्रों में लिवाली कर रहे हैं। यही वजह है कि बाजार ने खाद्य मुद्रास्फीति में तेजी, जीडीपी वृद्धि दर में नरमी और वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख को नकार दिया। 20 अगस्त को समाप्त सप्ताह में खाद्य मुद्रास्फीति दहाई अंक में पहुंच गई।