खास बातें
- सेंसेक्स 242.16 अंक की बढ़त के साथ 16,709.60 अंक पर बंद हुआ। पिछले तीन सत्रों में इसमें 700 अंक की गिरावट दर्ज की गई थी।
New Delhi: शेयर बाजार में पिछले तीन दिन से जारी गिरावट पर बुधवार को विराम लग गया और बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 242 अंक की तेजी के साथ बंद हुआ। वैश्विक बाजार में मजबूत रूख तथा रुपया के दो वर्ष के निम्न स्तर पर पहुंचने के बीच संस्थागत निवेशकों की विशेष रूप से आईटी कंपनियों के शेयरों की लिवाली से बाजार में तेजी आयी। मुद्रास्फीति में तेजी के बावजूद 30 शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 242.16 अंक की बढ़त के साथ 16,709.60 अंक पर बंद हुआ। पिछले तीन सत्रों में इसमें 700 अंक की गिरावट दर्ज की गई थी। इसी प्रकार, नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी 71.60 अंक की तेजी के साथ 5,012.55 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 5,026.15 अंक तक चला गया था। आईटी, धातु, बैंकिंग तथा रिफाइनरी कंपनियों के शेयरों में तेजी रही। कारोबारियों के अनुसार निवेशकों ने आईटी कंपनियों के शेयरों में पैसा लगाना बेहतर समझा क्योंकि उन्हें उम्मीद है कि डालर के मुकाबले रुपया के दो वर्ष के निम्न स्तर पर पहुंचने से उनकी आय बढ़ेगी। भारतीय साफ्टवेयर कंपनियां 85 प्रतिशत आय अमेरिका तथा यूरोपीय बाजार से प्राप्त करती हैं। आईटी खंड का सूचकांक 4.27 प्रतिशत चढ़कर 5,039.74 पर पहुंच गया। इंफोसि जहां 5.78 प्रतिशत चढ़ा वहीं विप्रो 4.34 प्रतिशत तथा टीसीएस 2.24 प्रतिशत चढ़ा। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया करीब दो साल के निम्न स्तर 48.01 पर पहुंच गया है। इसके अलावा एशियाई बाजारों में मजबूत प्रवृत्ति का भी बाजार पर असर पड़ा है। सेंसेक्स में शामिल कुल 30 शेयरों में से 24 लाभ में रहे।