मुंबई: वैश्विक संकेतों, चालू खाते के घाटे (कैड) में कमी तथा एफएमसीजी, वाहन और रीयल्टी कंपनियों के शेयरों में लाभ से शुक्रवार को बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 100 अंक के सुधार के साथ 26,625.91 अंक पर पहुंच गया। साप्ताहिक आधार पर सेंसेक्स 9.84 अंक टूटा है जबकि निफ्टी में 0.15 प्रतिशत का लाभ रहा है।
एचडीएफसी लि. का शेयर 2.21 प्रतिशत चढ़कर 1,227.80 रुपये पर पहुंच गया। एचडीएफसी स्टैंडर्ड लाइफ इंश्योरेंस ने कहा है कि वह मैक्स फाइनेंशियल सर्विसेज तथा अनुषंगी मैक्स लाइफ इंश्योरेंस के बीच खुली विलय वार्ता के लिए तैयार है। मैक्स फाइनेंशियल का शेयर 10.29 प्रतिशत चढ़कर 472.80 रुपये पर पहुंच गया।
चीनी के निर्यात पर 20 प्रतिशत का सीमा शुल्क लगाए जाने के बाद चीनी कंपनियों के शेयरों में 10 प्रतिशत तक की गिरावट आई। अवध शुगर मिल्स का शेयर 10 प्रतिशत टूट गया। द्वारिकेश शुगर में 6.38 प्रतिशत, बजाज हिंदुस्तान में 4.13 प्रतिशत तथा श्रीरेणुका शुगर्स में 4.61 प्रतिशत की गिरावट आई। रीट के लिए नियम उदार करने के प्रस्ताव पर सेबी द्वारा विचार करने के आश्वासन के बाद रीयल एस्टेट कंपनियों के शेयर चढ़ गए।
डीएलएफ में 2.63 प्रतिशत, एचडीआईएल में 7.15 प्रतिशत, कोल्कते पाटिल डेवलपर्स में 5.25 प्रतिशत तथा इंडियाबुल्स रीयल एस्टेट में 3.52 प्रतिशत का उछाल आया।
बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स मजबूती के रुख से 26,653.85 अंक पर खुलने के बाद 26,730.55 अंक के उच्चस्तर तक गया। बाद में मुनाफावसूली का सिलसिला चलने से यह नीचे आया और अंत में 100.45 अंक या 0.38 प्रतिशत के लाभ से 26,625.91 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 29.45 अंक या 0.36 प्रतिशत के लाभ से 8,170.20 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 8,195.25 से 8,135.80 अंक के दायरे में रहा।
वित्त वर्ष 2015-16 की चौथी तिमाही में चालू खाते का घाटा घटकर 0.3 अरब डॉलर या सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के 0.1 प्रतिशत पर आ गया है। तीसरी तिमाही में यह 7.1 अरब डालर या जीडीपी के 1.3 प्रतिशत के बराबर था।
सेंसेक्स की कंपनियों में भारती एयरटेल का शेयर सबसे अधिक 2.73 प्रतिशत चढ़कर 355.70 रुपये पर पहुंच गया। टाटा मोटर्स 2.03 प्रतिशत के लाभ से 463.20 रुपये पर बंद हुआ। बीएसई स्मॉलकैप में 0.29 प्रतिशत का लाभ रहा तथा मिडकैप में 0.05 प्रतिशत की गिरावट आई।
एशियाई बाजारों में हांगकांग, जापान, सिंगापुर में 1.07 प्रतिशत तक का लाभ रहा। शुरुआती कारोबार में यूरोपीय बाजार ऊपर चल रहे थे। सेंसेक्स के 30 शेयरों में 15 लाभ में रहे।
कोल इंडिया में दो प्रतिशत, टीसीएस में 1.81 प्रतिशत, गेल में 1.07 प्रतिशत, आईटीसी में 0.96 प्रतिशत, भेल में 0.82 प्रतिशत तथा मारुति में 0.63 प्रतिशत का लाभ रहा।
वहीं दूसरी ओर सनफार्मा का शेयर 1.45 प्रतिशत टूट गया। टाटा स्टील में 1.38 प्रतिशत, डॉ. रेड्डीज लैब में 1.36 प्रतिशत, एसबीआई में 1.07 प्रतिशत, लार्सन में 0.91 प्रतिशत, एशियन पेंट्स में 0.89 प्रतिशत तथा इन्फोसिस में 0.67 प्रतिशत की गिरावट आई। विभिन्न वर्गों के सूचकांकों में रीयल्टी 3.51 प्रतिशत, दूरसंचार 1.13 प्रतिशत, एफएमसीजी 0.73 प्रतिशत, टिकाउ उपभोक्ता सामान 0.59 प्रतिशत तथा वाहन 0.56 प्रतिशत के लाभ में रहा।
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है)