यह ख़बर 21 अक्टूबर, 2013 को प्रकाशित हुई थी

सेंसेक्स, निफ्टी 35 महीने के सर्वोच्च स्तर पर

मुंबई:

देश के शेयर बाजारों में सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को मामूली तेजी का रुख रहा। प्रमुख संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 11 अंकों की तेजी के साथ 20,893.89 पर और निफ्टी 15.60 अंकों की वृद्धि के साथ 6204.95 पर बंद हुआ। इस तरह सेंसेक्स और निफ्टी 35 महीने के सर्वोच्च स्तर पर बंद हुए।

सेंसेक्स 9 नवंबर 2010 के बाद और निफ्टी 10 नवंबर 2010 के बाद सर्वोच्च स्तर पर बंद हुए।

बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स सोमवार सुबह 32.87 अंकों की तेजी के साथ 20,915.76 पर खुला और 11 अंकों यानी 0.05 फीसदी के साथ 20893.89 पर बंद हुआ। दिनभर के कारोबार में सेंसेक्स ने 20970.92 के ऊपरी और 20768.99 के निचले स्तर को छुआ।

इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 12.65 अंकों की तेजी के साथ 6,202.00 पर खुला और 15.60 अंकों यानी 0.25 फीसदी की वृद्धि के साथ 6204.95 पर बंद हुआ। दिन के कारोबार में निफ्टी ने 6218.95 के ऊपरी और 6163.30 के निचले स्तर को छुआ।

बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांकों में भी तेजी रही। मिडकैप 50.93 अंकों की तेजी के साथ 5946.16 पर और स्मॉलकैप 72.95 अंकों की वृद्धि के साथ 5810.83 पर बंद हुए। बीएसई के 13 में से तीन सेक्टरों प्रौद्योगिकी (0.33), सूचना प्रौद्योगिकी (0.53) और तेजी से खपत होने वाली उपभोक्ता वस्तु (1.22 फीसदी) की गिरावट रही।  

बीएसई में तेजी दर्ज करने वाले सेक्टरों में पूंजीगत वस्तु (4.19), रियल्टी (2.96), धातु (1.74) और सार्वजनिक कंपनियां (1.09 फीसदी) शामिल रहे।

बीएसई सेंसेक्स में शामिल एलएंडटी के शेयरों में सबसे ज्यादा 6.05 फीसदी की तेजी रही। मारुति सुजुकी और हिंडाल्को में तीन फीसदी से ज्यादा और टाटा स्टील में दो फीसदी से ज्यादा की वृद्धि दर्ज की गई। एसएसएलटी, एनटीपीसी और महिंद्रा और महिंद्रा में एक फीसदी से ज्यादा की तेजी रही।

इसी तरह गिरावट दर्ज करने वाले शेयरों में जिंदल स्टील (3.66), आईटीसी (2.63), टीसीएस (2.21), भेल (1.52) और भारती एयरटेल (1.14) शामिल रहे।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

बीएसई में 1452 कंपनियों के शेयरों में तेजी रही जबकि 985 शेयरों गिरावट रही। 157 शेयरों के भाव में कोई बदलाव नहीं हुआ।