खास बातें
- तीन दिन से जारी गिरावट का सिलसिला थम गया और सेंसेक्स 184 अंक चढ़कर 18,596.02 अंक पर पहुंच गया।
Mumbai: बीएसई में बुधवार को तीन दिन से जारी गिरावट का सिलसिला थम गया और सेंसेक्स 184 अंक चढ़कर 18,596.02 अंक पर पहुंच गया। बीएसई का 30 शेयरों वाले सेंसेक्स में पिछले तीन दिन में 665 अंक की गिरावट आई थी। रिफाइनरी, टिकाउ उपभोक्ता सामान, रीयल्टी तथा वाहन शेयरों की मांग से गिरावट पर ब्रेक लगा और सेंसेक्स 184.40 अंक की बढ़त के साथ 18,596.02 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी भी 59.30 अंक चढ़कर 5,585.45 अंक पर पहुंच गया। टिकाउ उपभोक्ता सामान सूचकांक में 1.73 प्रतिशत का उल्लेखनीय सुधार हुआ और यह 6,847.87 अंक पर पहुंच गया। ऐसी उम्मीद जताई जा रही है कि बेहतर बारिश से फसल अच्छी होगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रांे में खरीद क्षमता बढ़ेगी। इससे टिकाउ उपभोक्ता वस्तुओं की मांग भी बढ़ेगी। तेल एवं गैस क्षेत्र का सूचकांक 1.70 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 8,152.46 अंक पर पहुंच गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में आज 1.89 प्रतिशत की तेजी रही और कंपनी का शेयर 864.55 रुपये पर बंद हुआ। रीयल्टी क्षेत्र का सूचकांक 1.69 अंक की बढ़त के साथ 2,149.83 अंक पर पहुंचा। इस तरह की खबरों की एचसीएल समूह डीएलएफ के बीमा उपक्रम में हिस्सेदारी खरीद सकता है, उसके शेयर में तीन प्रतिशत का उछाल आया।