यह ख़बर 24 नवंबर, 2013 को प्रकाशित हुई थी

चुनाव के मौसम में मनी लांड्रिंग पर सेबी की नजर

नई दिल्ली:

बाजार नियामक सेबी ने चुनावों में निवेशकों का धन इस्तेमाल करने या विदेशी धन लाने के सूचीबद्ध कंपनियों की किसी भी कोशिश पर पानी फेरने के लिए संभावित मनी लांड्रिग गतिविधियों पर निगरानी बढ़ा दी है।

देश में अगले साल आम चुनाव होने हैं, जबकि पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव अभी चल रहे हैं, जो अगले महीने तक पूरे हो जाएंगे। यद्यपि पूंजी बाजार में किसी भी तरह की मनी लांड्रिंग गतिविधियों का पता लगाने व उनकी रोकथाम के लिए पहले से ही जबरदस्त निगरानी व सतर्कता प्रणालियां मौजूद हैं, एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि चुनाव की वजह से अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।

उन्होंने कहा कि शेयर बाजार के जरिये देश में आने वाले विदेशी धन पर भी पैनी नजर रखी जा रही है, ताकि उस धन का राजनीतिक उद्देश्य के लिए किसी भी तरह इस्तेमाल रोका जा सके।

सेबी ने हाल ही में अपने कंपनियों की ओर से खुलासा करने के नियमों को सख्त किया है, जिसके तहत सूचीबद्ध कंपनियों व स्टॉक एक्सचेंजों को किसी प्रमुख कारोबारी घटनाक्रम के बारे में शेयरधारकों को सूचित करने के संबंध में अधिक सतर्कता बरतनी होगी।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com