यह ख़बर 05 अगस्त, 2011 को प्रकाशित हुई थी

सेबी ने कहा, बाजार की गिरावट पर है कड़ी नजर

खास बातें

  • शेयर बाजार में भारी गिरावट के बीच सेबी ने कहा कि वह स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए है। सेबी का कहना है कि यह वैश्विक स्तर पर गतिविधियों का परिणाम है।
Mumbai:

शेयर बाजार में भारी गिरावट के बीच बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) ने कहा कि वह स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए है। सेबी का कहना है कि यह वैश्विक स्तर पर जारी गतिविधियों का परिणाम है और प्रणाली पूरी तरह नियंत्रित है। सेबी के चेयरमैन यूके सिन्हा ने संवाददाताओं से कहा, हम स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए हैं और हमें पूरा विश्वास है कि बाजार में हर चीज व्यवस्थित और ठीक-ठाक है। वह शेयर बाजार में शुक्रवार को गिरावट से जुड़े प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। सिन्हा ने कहा, चिंता की कोई बात नहीं है। हमारी जोखिम प्रबंधन प्रणाली सही तरीके से काम कर रही है...। उन्होंने इस बात को खारिज कर दिया कि निवेशकों के बीच घबराहट से विपरीत प्रभाव पड़ेगा। इससे पहले, यह चिंता जताई जा रही थी कि वैश्विक बाजार में घबराहट से मजबूत जोखिम प्रबंधन प्रणाली के अभाव में भारतीय शेयर बाजार में संभावित तेज गिरावट या उसके धाराशायी होने जैसी स्थिति हो सकती है। उन्होंने कहा, यह इस बात पर निर्भर है कि आप बाजार के बारे में क्या सोचते हैं और वैश्विक गतिविधियों से आपके मनोबल पर किस प्रकार का असर पड़ता है। अत: मैं यह कहना चाहूंगा कि हमारा बाजार तथा नियामकीय प्रणाली पूरी तरह दुरूस्त है। इससे पहले, आर्थिक मामलों के सचिव आर गोपालन ने कहा था कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था के बारे में नकारात्मक खबरों से बाजार में गिरावट आई है। अमेरिकी बाजार में गुरुवार को तेज और बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी, जिसका असर शुक्रवार को एशियाई तथा यूरोपीय बाजारों पर भी पड़ा।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com