यह ख़बर 23 मई, 2011 को प्रकाशित हुई थी

सेज परियाजना छोड़ना चाहती है सत्यम कंप्यूटर्स

खास बातें

  • सत्यम् कंप्यूटर्स सर्विसेज लिमिटेड ने सरकार से अपने विशाखापत्तनम स्थित सेज की अधिसूचना रद्द करने का आग्रह किया है।
New Delhi:

सत्यम् कंप्यूटर्स सर्विसेज लिमिटेड ने सरकार से अपने विशाखापत्तनम स्थित विशेष आर्थिक क्षेत्र (सेज) की अधिसूचना रद्द करने का आग्रह किया है। इस सेज की भूमि को नौसेना को स्थानांतरित कर दिया गया है। वाणिज्य मंत्रालय में एक अधिकारी ने बताया डेवलपर्स ने सेज की अधिसूचना रद्द करने का आग्रह किया है, आंध्र प्रदेश सरकार ने संबंधित भूमि भारतीय नौसेना को दे दी है। सत्यम कंप्यूटर्स सर्विसेज लिमिटेड के आग्रह को मंजूरी बोर्ड के समक्ष रखा जायेगा। मंजूरी बोर्ड की बैठक 31 मई को होने जा रही है। सूचना प्रौद्योगिकी और सूचना प्रौद्योगिकी से जुड़ी सेवाओं वाले इस सेज को एक जून 2007 को अधिसूचित किया गया था। यह सेज 20 एकड़ में फैला हुआ था। इस बीच आंध्र प्रदेश सरकार ने भूमि को नौसेना को स्थानांतरित कर दिया। नौसेना यहां वायरलैस एक्सपेरिमेंटल यूनिट स्थापित करेगी। राज्य सरकार ने हालांकि, इसके एवज में कंपनी को 50 एकड़ वैकल्पिक भूमि देने का निर्णय किया था लेकिन इसे हैदराबाद स्थित इस कंपनी के हवाले नहीं किया गया। सत्यम् कंप्यूटर्स अभी भी अपने संस्थापक बी रामलिंगम् राजू के लेखाखातों में धोखाधड़ी की स्वीकारोक्ति से जुड़े मामलों से जूझ रही है। कंपनी के संस्थापक अध्यक्ष बी. रामलिंगम राजू के गिरफ्तार होने के बाद कंपनी का महिन्द्रा समूह ने अधिग्रहण कर लिया और इसका नाम बदलकर महिन्द्रा सत्यम् रख दिया गया। बहरहाल, अधिकारी ने बताया वैकल्पिक भूमि आवंटन में देरी को देखते हुये डेवलपर कंपनी ने सेज अधिसूचना को रद्द करने का आग्रह किया, तकनीकी तौर पर यह उचित नहीं था कि ऐसे सेज क्षेत्र को अपने पास बनाए रखा जाए जिसका आवंटन सरकार ने नौसेना को कर दिया है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com