सैमसंग 'गैलेक्सी गियर' स्मार्टवॉच...
खास बातें
- 'गैलेक्सी गियर' स्मार्टवॉच में एक छोटी स्क्रीन है, जिसके जरिये फोटो, हैंड्सफ्री कॉल्स तथा इंस्टेन्ट मैसेजिंग जैसे बेसिक फीचर्स इस्तेमाल किए जा सकेंगे। इसके अलावा कंपनी ने 4जी गैलेक्सी नोट-3 को भी लॉन्च किया है।
बर्लिन: कोरिया की सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी लिमिटेड ने बुधवार को अपनी 'गैलेक्सी गियर' स्मार्टवॉच लॉन्च की, जो उसके बाज़ार में अग्रणी गैलेक्सी स्मार्टफोन के लिए एक्सेसरी की तरह काम करेगी।
'गैलेक्सी गियर' स्मार्टवॉच में एक छोटी स्क्रीन है, जिसके जरिये फोटो, हैंड्सफ्री कॉल्स तथा इंस्टेन्ट मैसेजिंग जैसे बेसिक फीचर्स इस्तेमाल किए जा सकेंगे। इसके अलावा कंपनी ने 4जी गैलेक्सी नोट-3 को भी लॉन्च किया है। दोनों गैजेट्स को भारत में 25 सितंबर को पेश किया जा सकता है।
सैमसंग ने गैलेक्सी गियर के साथ पहने जा सकने वाले कंप्यूटिंग मशीन के क्षेत्र में प्रवेश किया है, जिससे यूजर्स तुरंत संदेश, ई-मेल आदि चेक कर सकेंगे, जबकि गैलेक्सी नोट-3, नोट शृंखला का नया फोन है, जो 4जी संचार प्रणाली को सपोर्ट करता है। कंपनी ने अपनी स्मार्ट घड़ी की कीमत 299 डॉलर (करीब 19,700 रुपये) रखी है, जबकि नोट-3 की कीमत का पता नहीं चल पाया है। इससे पहले पेश गैलेक्सी नोट-2 भारत में करीब 27,000 रुपये में उपलब्ध था।
सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स के मार्केटिंग मैनेजर डेविड पार्क ने कहा, हम 25 जनवरी को नोट-3 और गैलेक्सी गियर 149 देशों में पेश करेंगे। अमेरिका और जापान में हम इन्हें अक्टूबर में पेश करेंगे।
इस स्मार्टवॉच में 1.63 इंच (4.14 सेंटीमीटर) की स्क्रीन लगी है, और इसमें एक बेसिक कैमरा भी है। यह स्मार्टवॉच सैमसंग के ताजातरीन प्रोडक्ट गैलेक्सी नोट-3 से वायरलेस ब्लूटूथ टेक्नोलॉजी के जरिये जुड़ सकेगी। इस स्मार्टवॉच के जरिये कॉल करना, मैसेज पढ़ना, वीडियो रिकॉर्ड करना और फोटो खींचना आदि जैसे फीचरों का इस्तेमाल बिना गैलेक्सी नोट-3 को बैग से बाहर निकाले किया जा सकेगा।