RBI की सख्ती, नौ सहकारी बैंकों पर लगाया करीब 12 लाख रुपये का जुर्माना

रिजर्व बैंक ने इन सहकारी बैंकों पर जुर्माना लगाने को लेकर कहा है कि यह कार्रवाई रेगुलेटरी कंप्लायंस में कमियों पर आधारित है.

RBI की सख्ती, नौ सहकारी बैंकों पर लगाया करीब 12 लाख रुपये का जुर्माना

RBI की यह कार्रवाई रेगुलेटरी कंप्लायंस में कमियों पर आधारित है.

नई दिल्ली:

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने विभिन्न बैंकिंग नियमों का उल्लंघन करने को लेकर नौ सहकारी बैंकों पर करीब 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है. केंद्रीय बैंक ने सोमवार को जारी अलग-अलग विज्ञप्तियों में कहा कि नौ सहकारी बैंकों पर 11.60 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है. जिन बैंकों पर RBI ने जुर्माना लगाया है,उनमें बेरहामपुर सहकारी शहरी बैंक (ओडिशा), केंद्रपाड़ा शहरी सहकारी बैंक, जमशेदपुर शहरी सहकारी बैंक, कृष्णा मर्केंटाइल सहकारी बैंक,रेणुका नागरिक सहकारी बैंक मर्यादित, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, उस्मानाबाद जनता सहकारी बैंक, संतरामपुर शहरी सहकारी बैंक और नवानगर सहकारी बैंक शामिल हैं.


RBI के मुताबिक, बेरहामपुर सहकारी शहरी बैंक पर 3.10 लाख रुपये, उस्मानाबाद जनता सहकारी बैंक, महाराष्ट्र पर 2.5 लाख रुपये और संतरामपुर अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, गुजरात पर दो लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है. इसके अलावा, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित, मध्य प्रदेश, जमशेदपुर शहरी सहकारी बैंक लिमिटेड, झारखंड और रेणुका नागरिक सहकारी बैंक मर्यादित, छत्तीसगढ़ पर एक-एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है.

वहीं, कृष्णा मर्केंटाइल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, मध्य प्रदेश और केंद्रपाड़ा अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, ओडिशा पर 50,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया. विज्ञप्ति के अनुसार, नवानगर को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, गुजरात पर 25,000 रुपये का जुर्माना लगाया है. इन बैंकों को भेजे गए नोटिस के जवाब पर विचार करने के बाद RBI इस निष्कर्ष पर पहुंचा  है कि उपरोक्त आरोप की पुष्टि की गई और मौद्रिक दंड लगाया जाना जरूरी है.

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

इसको लेकर केंद्रीय बैंक ने कहा है कि यह कार्रवाई रेगुलेटरी कंप्लायंस में कमियों पर आधारित है. इसके साथ ही RBI ने यह भी साफ कर दिया है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य इन बैंकों द्वारा अपने ग्राहकों के साथ किए गए किसी भी लेनदेन या समझौते की वैधता पर सवाल करना नहीं है. इससे पहले भी भारतीय रिजर्व बैंक कई सहकारी और गैर-सहकारी बैंकों पर दिशानिर्देशों का पालन न करने और आदेशों के उल्लंघन सहित अलग-अलग वजहों से जुर्माना लगा चुका है.



(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)