यह ख़बर 16 सितंबर, 2011 को प्रकाशित हुई थी

पेट्रोल मूल्य वृद्धि से और बढ़ेगी महंगाई : रिजर्व बैंक

खास बातें

  • रिजर्व बैंक ने कहा है कि पेट्रोल के दाम में की गई 3.14 रुपये लीटर की वृद्धि से दहाई अंक के करीब पहुंची मुद्रास्फीति और बढ़ेगी।
मुंबई:

रिजर्व बैंक ने कहा है कि पेट्रोल के दाम में की गई 3.14 रुपये लीटर की वृद्धि से दहाई अंक के करीब पहुंची मुद्रास्फीति और बढ़ेगी। मौद्रिक नीति की मध्य तिमाही समीक्षा में रिजर्व बैंक ने कहा है, पेट्रोल मूल्य वृद्धि का थोक मूल्य सूचकांक पर अप्रत्यक्ष रुप से पड़ने वाले असर के साथ-साथ 0.07 प्रतिशत का प्रत्यक्ष असर होगा। अगस्त में सकल मुद्रास्फीति की दर बढ़कर 9.78 प्रतिशत हो गई जो कि पांच से छह प्रतिशत के अनुकूल स्तर से काफी ऊंची है। रेपो और रिवर्स रेपो दर में 0.25 प्रतिशत वृद्धि के बाद रिजर्व बैंक ने कहा, मौजूदा परिदृश्य में जब अगले कुछ महीने मुद्रास्फीति के उच्चस्तर पर बने रहने की संभावना है, मुद्रास्फीतिकारी धारणाएं सबसे बड़ा जोखिम हैं। रिजर्व बैंक ने भविष्य की मौद्रिक नीति के बारे में भी संकेत दिया है कि यह मुद्रास्फीति के स्तर पर निर्भर करेगी। रिजर्व बैंक ने वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों को लेकर भी चिंता जताई है। केन्द्रीय बैंक ने कहा है कि बेशक विश्व बाजार में कच्चे तेल के दाम कुछ नरम पड़े हैं लेकिन घरेलू बाजार में अभी भी इनका पूरा बोझ नहीं डाला गया है इस लिहाज से मुद्रास्फीति पर अभी भी पूरा दबाव नहीं बन पाया है। रिजर्व बैंक का कहना है कि वित्त वर्ष के उत्तरार्द्ध में मुद्रास्फीति में नरमी आएगी और मार्च 2012 तक यह घटकर 7 प्रतिशत रह जाएगी।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com