खास बातें
- ओडिशा सरकार ने जगतसिंहपुर जिले में पॉस्को परियोजना के लिए अधिग्रहित की गई भूमि पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया।
भुवनेश्वर: ओडिशा सरकार ने जगतसिंहपुर जिले में पॉस्को परियोजना के लिए अधिग्रहित की गई भूमि पर निर्माण कार्य मंगलवार को शुरू कर दिया। विशेष भूमि अधिग्रहण अधिकारी नूरसिंह स्वैन ने कहा, "जटाधारी नदी के मुहाने के निकट नोलिया साही और पोलंग क्षेत्र में पेड़ों की कटाई और रेत की भराई जैसे काम शुरू किए गए हैं। इस काम का विरोध नहीं किया गया है।" ओडिशा सरकार ने 2005 में पॉस्को के साथ सलाना 1.2 करोड़ टन इस्पात की परियोजना के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किया था। परियोजना के लिए जरूरी 4,004 एकड़ भूमि में से कम से कम 2,900 एकड़ वन क्षेत्र में पड़ता है। अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने अभी तक लगभग आधी भूमि का अधिग्रहण कर लिया है, जिस पर काम शुरू हो चुका है। परियोजना का हालांकि पॉस्को प्रतिरोध संघर्ष समिति द्वारा विरोध किया जा रहा है, लेकिन सरकार ने एक अन्य समूह यूनाइटेड एक्शन कमिटी (यूएसी) के सहयोग से अधिग्रहित भूमि की घेराबंदी का काम शुरू कर दिया है। सरकार से उनकी मांग पूरी किए जाने का आश्वासन मिलने के बाद यूएसी परियोजना को सहयोग दे रही है।