यह ख़बर 26 मार्च, 2012 को प्रकाशित हुई थी

गोवा में पेट्रोल हुआ 11 रुपये सस्ता

खास बातें

  • गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर ने सोमवार को राज्य में पेट्रोल का मूल्य प्रति लीटर 11 रुपये घटाने का प्रस्ताव रखा। इससे गोवा में पेट्रोल की कीमत देश में सबसे कम हो सकती है।
पणजी:

गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर ने सोमवार को राज्य में पेट्रोल का मूल्य प्रति लीटर 11 रुपये घटाने का प्रस्ताव रखा। इससे गोवा में पेट्रोल की कीमत देश में सबसे कम हो सकती है।

गोवा में तीन मार्च के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पेट्रोल की कीमत घटाकर 55 रुपये तक करने का वादा किया था।

पर्रिकर ने कहा कि राज्य सरकार सिर्फ आंकड़े दर्ज करने के लिए पेट्रोल पर 0.1 फीसदी मूल्य वर्धित कर लगाएगी।

राज्य में पार्टी के सत्ता में आने के बाद पर्रिकर ने अपना पहला बजट पेश करते हुए कहा, "मैं यात्रियों को महंगाई से बचाने के लिए पेट्रोल की कीमत 11 रुपये प्रति लीटर घटाने का प्रस्ताव रखता हूं।"

बजट पारित हो जाने के बाद गोवा में पेट्रोल की कीमत 55 रुपये प्रति लीटर हो जाएगी, जो देश में सबसे सस्ती होगी।
अभी गोवा में पेट्रोल की कीमत 66 रुपये प्रति लीटर है।

उल्लेखनीय है कि गोवा में हर तीन निवासियों पर एक दुपहिया वाहन है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

पर्रिकर ने राज्य में विमान ईंधन पर भी मूल्य वर्धित कर को 22 फीसदी से घटाकर 12 फीसदी करने का प्रस्ताव रखा।