यह ख़बर 28 मार्च, 2011 को प्रकाशित हुई थी

PAC ने राडिया, अंबानी, टाटा को बुलाया

खास बातें

  • पीएसी के निर्णय पर प्रतिक्रिया में टाटा और अंबानी ने कहा कि उन्हें पीएसी के समक्ष उपस्थित होने पर खुशी होगी।
New Delhi:

टू जी स्पेक्ट्रम आवंटन में अनिमितता मामले की जांच कर रही लोक लेखा समिति :पीएसी: ने मामले में चार अप्रैल को कारपोरेट लाबिस्ट नीरा राडिया, रिलायंस समूह के अनिल अंबानी और टाटा समूह के अध्यक्ष रतन टाटा को बुलाया है। सूत्रों ने बताया कि पीएसी चार और पांच अप्रैल को टू जी स्पेक्ट्रम मामले पर बैठक में चर्चा करेगी। उच्च पदस्थ सू़त्रों ने बताया, नीरा राडिया और रतन टाटा को चार अप्रैल को टू जी स्पेक्ट्रम आवंटन मामले में चर्चा के लिए बुलाया गया है। पांच अप्रैल को चार कपंनियों स्वान टेलीकाम, रिलायंस :अनिल अंबानी:, एयरटेल और यूनीटेक के प्रतिनिधियों को उपस्थित होने को कहा गया है। पीएसी के निर्णय पर प्रतिक्रिया में टाटा और अंबानी ने कहा कि उन्हें पीएसी के समक्ष उपस्थित होने पर खुशी होगी। टाटा सन्स के प्रवक्ता ने अपने बयान में कहा, टेलीकाम क्षेत्र में हाल के घटनाक्रमों के मद्देनजर टाटा ने चार अप्रैल को पीएसी के समक्ष उपस्थित होने की इच्छा जतायी है। इसी प्रकार के बयान में रिलायंस कम्यूनिकेशन्स के प्रवक्ता ने कहा, अनिल अंबानी ने पीएसी के समक्ष उपस्थित होने का स्वागत किया है। इस विषय में पूछे जाने पर राडिया की पीआर कंपनी वैष्णवी ने कहा कि राडिया समिति के समक्ष उपस्थित होंगी। वैष्णवी के प्रवक्ता ने कहा, हम अपना सहयोग जारी रखेंगे और पीएसी के समक्ष पूछताछ और स्पष्टीकरण के संबंध में उपस्थित होंगे। गौरतलब है कि पूर्व में आउटलुक और ओपेन मैगजिन के संपादकों से उनकी पत्रिका में प्रकाशिक रिपोर्ट के बारे में पूछताछ की गई थी जो राडिया के टेलीफोन बातचीत के टेप से संबंधित थी। पीएसी के अध्यक्ष मुरली मनोहर जोशी और समिति के सदस्यों ने आउटलुक के संपादक विनोद मेहता और ओपेन मैगजिन के संपादक मनु जोसेफ के जवाब पर संतुष्टि जतायी थी। राडिया से कुछ पत्रकारों एवं महत्वपूर्ण लोगों के साथ बातचीत के टेप में टेलीकाम मंत्रालय और यूपीए दो के दौरान सरकार के गठन को लेकर चर्चा होने की रिपोर्ट है। ऐसे ही टेप में राडिया और टाटा के बीच बातचीत की बात का भी खुलासा हुआ है। स्वान टेलीकाम के प्रमुख शाहिद उस्मान बलवा पहले ही टू जी स्पेक्ट्रम मामले में पहले ही हिरासत में है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com