खास बातें
- ऑनलाइन कारोबार में तेजी आने के कारण अगले पांच सालों में ब्रिटेन में हजारों की संख्या में नौकरियों का सृजन होगा।
लंदन: ऑनलाइन कारोबार में तेजी आने के कारण अगले पांच सालों में ब्रिटेन में हजारों की संख्या में नौकरियों का सृजन होगा। यह बात गूगल के एक अधिकारी ने कही। समाचार पत्र डेली मेल के मुताबिक गूगल यूरोप के लिए लंदन से काम करने वाले उपाध्यक्ष फिलिप शिंडलर ने कहा कि अधिक से अधिक ऑनलाइन कम्पनियों के सामने आने के कारण 2015 तक लगभग 3,65,000 नौकरियों का सृजन हो सकता है। उन्होंने कहा कि ब्रिटिश सरकार को ऑनलाइन कारोबार में नवाचार को बढ़ावा देना चाहिए और उत्पाद को विदेश में भी बेचने की अनुमति देनी चाहिए। शिंडलर ने 2011 और 2015 के बीच ब्रिटेन के सकल घरेलू उत्पाद के अनुमान के आधार पर यह अनुमान जताया है। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन के आर्थिक विकास में इंटरनेट का योगदान 20 फीसदी है।