यह ख़बर 18 जून, 2011 को प्रकाशित हुई थी

ओएनजीसी के कुएं से गैस रिसाव जारी...

खास बातें

  • तेल व गैस कम्पनी ओएनजीसी प. त्रिपुरा के उसके प्राकृतिक गैस के कुएं से हो रहे रिसाव को रोकने के लिए अमेरिकी विशेषज्ञों की मदद लेगी।
अगरतला:

सार्वजनिक क्षेत्र की तेल व गैस कम्पनी ओएनजीसी पश्चिमी त्रिपुरा के उसके प्राकृतिक गैस के कुएं से हो रहे रिसाव को रोकने के लिए अमेरिकी विशेषज्ञों की मदद लेगी। इस कुएं से लगातार पांच दिन से प्राकृतिक गैस का रिसाव हो रहा है। ओएनजीसी समूह के महाप्रबंधक व कम्पनी की त्रिपुरा इकाई के प्रमुख के. सत्यनारायण ने शनिवार को बताया, "अमेरिका की 'बूट्स एंड कूट्स' कम्पनी के विशेषज्ञ सोमवार को त्रिपुरा पहुंचेंगे। वे प्राकृतिक गैस के रिसाव को रोकने के लिए कोनाबन गांव में तेल एवं प्राकृतिक गैस प्राधिकरण (ओएनजीसी) के विशेषज्ञों व इंजीनियरों की मदद करेंगे।" उन्होंने कहा, "हमें उम्मीद है कि गैस का रिसाव एक सप्ताह के अंदर रुक जाएगा।" 'बूट्स एंड कूट्स' कम्पनी को इस तरह के रिसाव रोकने में विश्वस्तरीय विशेषज्ञता प्राप्त है। सत्यनारायण ने कहा, "गैस रिसाव या तेल रिसाव या अन्वेषण से सम्बंधित अन्य स्थितियों से निपटने के लिए ओएनजीसी और इस अमेरिकी कम्पनी के बीच एक समझौता हुआ है।" उन्होंने बताया कि रिसाव शुरू होने के तुरंत बाद अहमदाबाद और मुम्बई से यहां विशेषज्ञ पहुंच गए थे। असम के शिवसागर ओएनजीसी परिसर से आधुनिक मशीनें भी तुरंत त्रिपुरा पहुंचाई गई हैं। सत्यनारायण ने कहा, "प्राकृतिक गैस के रिसाव से अब तक कोई नुकसान नहीं हुआ है जबकि इसमें 96 प्रतिशत मीथेन गैस होती है। हमने स्थानीय ग्रामीणों से चिंतित न होने की अपील की है।" उन्होंने कहा कि गैस रिसाव के कारण कोई पर्यावरणीय नुकसान नहीं हुआ है। ओएनजीसी ने कोनाबान इलाके में अब तक 22 कुएं खोदे हैं। इनमें से 19 गैस के कुएं हैं।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com