खास बातें
- भारत में स्मार्टफोन में मजबूत वृद्धि दर के बल पर कोरियाई कंपनी सैमसंग फिनलैंड की नोकिया को कड़ी टक्कर दे रही है।
New Delhi: भारत में स्मार्टफोन में मजबूत वृद्धि दर के बल पर कोरियाई कंपनी सैमसंग फिनलैंड की नोकिया को कड़ी टक्कर दे रही है। वायस एंड डाटा के अध्ययन के मुताबिक, वर्ष 2010-11 में सैमसंग के मोबाइल फोन का कारोबार 21.7 प्रतिशत बढ़कर 5,720 करोड़ रुपये रहा, जो इससे पिछले वित्तवर्ष में 4,700 करोड़ रुपये था। वहीं दूसरी ओर, समीक्षाधीन अवधि में नोकिया ने 12,929 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जो इससे पिछले वित्तवर्ष के 12,900 करोड़ रुपये के मुकाबले मामूली रूप से अधिक है। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि भारत में नोकिया अग्रणी कंपनी है और उसकी बाजार हिस्सेदारी 39 प्रतिशत है, उसके वर्चस्व पर दबाव बना हुआ है। उद्योग सूत्रों के मुताबिक, इस साल जनवरी-जुलाई में नोकिया की बाजार हिस्सेदारी घटकर 37.5 प्रतिशत पर आ गई, जो 2010 में 49.3 प्रतिशत थी। वहीं सैमसंग की बाजार हिस्सेदारी पहले सात महीने में 28 प्रतिशत पहुंच गई, जो 2010 में 20.1 प्रतिशत थी।