खास बातें
- पश्चिमी देशों की ओर से मांग बढ़ने के कारण देश का निर्यात मई माह में बढ़कर 25.9 अरब डॉलर पर पहुंच गया।
नई दिल्ली: पश्चिमी देशों की ओर से मांग बढ़ने के कारण देश का निर्यात मई माह में बढ़कर 25.9 अरब डॉलर पर पहुंच गया। जो पिछले साल के इसी माह की तुलना में 56.9 प्रतिशत अधिक है। हालांकि, इस दौरान आयात कारोबार में भी 54.1 प्रतिशत की उंची वृद्धि दर्ज की गई। आयात कारोबार भी मई में 40.9 अरब डॉलर का रहा। इस लिहाज से मई 2011 में 15 अरब डालर का व्यापार घाटा दर्ज किया गया। वाणिज्य सचिव राहुल खुल्लर ने संवाददाताओं से कहा, यह पिछले चार साल में आयात कारोबार के सबसे ऊंचे आंकड़े हैं। एक साल पहले मई में निर्यात कारोबार में जहां 35 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई थी वहीं आयात वृद्धि 27.4 प्रतिशत था। खुल्लर ने कहा कि चालू वित्त वर्ष में अप्रैल से मई के बीच निर्यात कारोबार पिछले वर्ष के इन्हीं दो महीनों की तुलना में 45.3 प्रतिशत बढ़कर 49.8 अरब डॉलर हो गया। उन्होंने कहा, निर्यात में तीव्र वृद्धि का रूझान बना हुआ है। जहां तक आयात का मामला है इन दो महीनों में आयात वृद्धि 33.3 प्रतिशत रही और कुल 73.7 अरब डॉलर का आयात किया गया। बहरहाल, दो महीनों की अवधि में व्यापार घाटा 23.9 अरब डॉलर रहा।