खास बातें
- दाल और गेहूं की कीमतों में नरमी से तीन सितंबर को समाप्त हुए सप्ताह में साल दर साल आधार पर खाद्य मुद्रास्फीति घटकर 9.47% पर आ गई।
New Delhi: दाल और गेहूं की कीमतों में नरमी से तीन सितंबर को समाप्त हुए सप्ताह में साल दर साल आधार पर खाद्य मुद्रास्फीति घटकर 9.47 प्रतिशत पर आ गई। इस दौरान हालांकि अन्य खाद्य वस्तुएं महंगी हुईं। इससे पिछले सप्ताह में थोक मूल्य सूचकांक पर आधारित खाद्य मुद्रास्फीति 9.55 प्रतिशत तथा 2010 की समान अवधि में 15.16 प्रतिशत थी। सरकार द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, 3 सितंबर को समाप्त हुए सप्ताह में वार्षिक आधार पर दालों की कीमत में 2.45 प्रतिशत, जबकि गेहूं की कीमत में 2.03 प्रतिशत की गिरावट आई। हालांकि, इस दौरान वाषिर्क आधार पर अन्य खाद्य वस्तुएं महंगी रहीं। जहां प्याज की कीमत पिछले साल की तुलना में 42.98 प्रतिशत बढ़ी, वहीं आलू 21.16 प्रतिशत महंगा हुआ। इनके अलावा, फलों की कीमतों में 22.64 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि सब्जियां 17.47 प्रतिशत महंगी हुईं। दूध वार्षिक आधार पर 10.02 प्रतिशत महंगा हुआ, जबकि अनाज के दाम में 5.02 प्रतिशत की बढ़त देखने को मिली।