खास बातें
- बाजार पूंजीकरण के लिहाज से देश की 10 सबसे बड़ी कंपनियों में से सात का बाजार पूंजीकरण बीते सप्ताह कुल मिलाकर 49,487.59 करोड़ रुपये घट गया।
Mumbai: बाजार पूंजीकरण के लिहाज से देश की 10 सबसे बड़ी कंपनियों में से सात का बाजार पूंजीकरण बीते सप्ताह कुल मिलाकर 49,487.59 करोड़ रुपये घट गया। इस दौरान ओएनजीसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज को पछाड़ते हुए देश की सबसे मूल्यवान कंपनी बन गई। सार्वजनिक क्षेत्र की ओएनजीसी शुक्रवार को मुकेश अंबानी की अगुवाई वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज को पछाड़ते हुए देश की सबसे मूल्यवान कंपनी बन गई। बीएसई में शुक्रवार के कारोबार में ओएनजीसी का बाजार मूल्य 1,928.98 करोड़ रुपये बढ़कर 2,37,842.34 करोड़ रुपये हो गया। वहीं रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 3,843.62 करोड़ रुपये घटकर शुक्रवार को 2,35,571 करोड़ रुपये रहा। इस तरह से ओएनजीसी ने लगभग साढ़े चार साल बाद बाजार पूंजीकरण के लिहाज से फिर पहला स्थान हासिल किया है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले 17 अगस्त को एक अन्य सार्वजनिक कंपनी कोल इंडिया, रिलायंस इंडस्ट्रीज को पछाड़ते हुए देश की सबसे मूल्यवान कंपनी बन गई थी। लेकिन छह दिन बाद ही 23 अगस्त को रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले पायदान पर वापस आ गई। आलोच्य सप्ताह में कोल इंडिया का बाजार पूंजीकरण 21,444 करोड़ रुपये घटकर 2,27,231.05 करोड़ रुपये रह गया। इस दौरान कंपनी का शेयर आठ प्रतिशत से अधिक टूटा। इसी तरह देश के सबसे बड़े बैंक एसबीआई का बाजार पूंजीकरण आलोच्य सप्ताह में 9,597.87 करोड़ रुपये टूटकर 1,19,933.74 करोड़ रुपये, एचीएफसी बैंक का बाजार पूंजीकरण 5,581.97 करोड़ रु टूटकर 1,02,318 करोड़ रुपये रह गया। बिजली कंपनी एनटीपीसी का बाजार पूंजीकरण 6,225.32 करोड़ रुपये घटकर 1,37,039.55 करोड़ रु रहा। एफएमसीजी कंपनी आईटीसी का बाजार पूंजीकरण 1,597.6 करोड़ रु टूटकर 1,52,537 करोड़ रु तथा इन्फोसिस का बाजार पूंजीकरण 1,197.17 करोड़ रुपये घटकर 1,26,580.85 करोड़ रु रह गया। इसके विपरीत टीसीएस तथा भारती एयरटेल का बाजार पूंजीकरण क्रमश: 3,787.18 करोड़ रु तथा 5,791.22 करोड़ रु बढ़ा।