खास बातें
- देश की प्रमुख कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी ने कहा है कि नया विनिर्माण संयंत्र स्थापित करने के लिए गुजरात एक वरीय स्थल है।
अहमदाबाद: देश की प्रमुख कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी ने कहा है कि नया विनिर्माण संयंत्र स्थापित करने के लिए गुजरात एक वरीय स्थल है। मारुति सुजुकी के महाप्रबंधक (पश्चिमी क्षेत्र) एसएन बर्मन ने संवाददाताओं से कहा, विनिर्माण संयंत्र स्थापित करने के लिए गुजरात को तरजीह दी जाएगी, लेकिन अब तक इस बारे में कोई फैसला नहीं हुआ है। हम अभी भी अगले संयंत्र के लिए संभावनाएं तलाश रहे हैं और हमने तमिलनाडु और हरियाणा में भी जगह देखी है। उन्होंने कहा, हम गुजरात सरकार और अन्य राज्य सरकारों के साथ बातचीत कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है। माणेसर (हरियाणा) स्थित मारुति के संयंत्र से सालाना साढ़े तीन लाख कारों का उत्पादन होता है। गुड़गांव में कार निर्माताओं की तीन इकाइयों की सालाना उत्पादन क्षमता साढ़े आठ लाख कारों की है। बर्मन यहां स्विफ्ट के नए मॉडल के अनावरण के लिए आए थे, जिसके पेट्रोल मॉडल की कीमत 4.43 लाख रुपये और डीजल मॉडल की कीमत 5.29 लाख रुपये है। मारुति के प्रबंध निदेशक शिंजो नाकानिशि और अध्यक्ष आरसी भार्गव ने इस साल मई में मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी और गुजरात में संयंत्र स्थापित करने की संभावनाओं की तलाश की थी। यहां टाटा मोटर्स का नैनो संयंत्र भी है। स्विफ्ट के जरिए कंपनी प्रीमियम हैचबैक खंड में अपनी स्थिति और मजबूत करना चाहती है।