यह ख़बर 10 सितंबर, 2011 को प्रकाशित हुई थी

उतार-चढ़ाव के बीच सेंसेक्स में रही मामूली बढ़त

खास बातें

  • बम्बई स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स शुक्रवार को पिछले सप्ताह के बंद स्तर से 0.27 फीसदी या 45.51 अंकों की तेजी के साथ 16,866.97 पर बंद हुआ।
मुम्बई:

वैश्विक अनिश्चितता के बीच देश के शेयर बाजारों के प्रमुख सूचकांक इस सप्ताह मामूली बढ़त के साथ बंद हुए। बम्बई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स शुक्रवार को पिछले सप्ताह के बंद स्तर से 0.27 फीसदी या 45.51 अंकों की तेजी के साथ 16,866.97 पर बंद हुआ। पिछले शुक्रवार को सेंसेक्स 16,821.46 पर बंद हुआ था। सेंसेक्स इस सप्ताह बुधवार को 17,000 अंक के संवेदनशील स्तर को पार करते हुए 17,209 के ऊपरी स्तर तक चला गया। शुक्रवार को हालांकि लगभग 300 अंकों की गिरावट के कारण सेंसेक्स वापस लगभग पिछले सप्ताह के बंद स्तर पर आ गया। सेंसेक्स शुक्रवार को 1.74 फीसदी या 298.57 अंकों की गिरावट के साथ 16,866.97 पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक निफ्टी शुक्रवार को 1.82 फीसदी गिरावट के साथ 5,059.45 पर बंद हुआ। साप्ताहिक कारोबार में निफ्टी में 0.4 फीसदी की तेजी रही। शुक्रवार को सेंसेक्स में तेजी में रहने वाले प्रमुख शेयरों में रहे हिंदुस्तान युनिलीवर (2.52 फीसदी), हीरो मोटोकॉर्प (2.05 फीसदी), ओएनजीसी (0.34 फीसदी) और एचडीएफसी (0.23 फीसदी)। सेंसेक्स में शुक्रवार को गिरावट में रहने वाले प्रमुख शेयरों में रहे एसबीआई (3.68 फीसदी), आरआईएल (3.33 फीसदी), टाटा मोटर्स (3.21 फीसदी) और इंफोसिस (2.88 फीसदी)। इस सप्ताह एशियाई बाजारों में गिरावट रही। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष की प्रबंध निदेशक क्रिस्टीन लगार्डे द्वारा दुनिया भर में नकारात्मक विकास के जोखिम की सम्भावना जताने के बाद निवेशकों में बिकवाली की प्रवृत्ति रही। जापान का निक्के ई शुक्रवार को 0.63 फीसदी गिरावट के साथ 8,737.66 पर बंद हुआ। हांगकांग का हैंग सैंग 0.23 फीसदी गिरावट के साथ 19,866.63 पर, चीन का शंघाई कम्पोजिट इंडेक्स पिछले बंद स्तर 2,497.75 पर बंद हुआ। गुरुवार को अमेरिका के फेडरल रिजर्व के प्रमुख बेन बर्नाके द्वारा अर्थव्यवस्था में तेजी लाने के लिए उठाए जा रहे कदमों के बारे में स्पष्ट रूप से कुछ भी नहीं कहने के कारण यूरोप और अमेरिका के शेयर बाजारों में शुक्रवार को गिरावट रही। शुक्रवार को ब्रिटेन का एफटीएसई100 2.35 फीसदी गिरावट के साथ 5,214.65 पर, जर्मनी का डीएएक्स 4.04 फीसदी गिरावट के साथ 5,189.93 पर और फ्रांस का सीएसी40 3.60 फीसदी की गिरावट के साथ 2,974.59 पर बंद हुआ। अमेरिका का डाऊ जोंस 2.69 फीसदी की गिरावट के साथ 10,992.10 पर और एसएंडपी500 सूचकांक 2.67 फीसदी गिरावट के साथ 1,154.23 पर बंद हुआ।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com