रणबीर कपूर और साई पल्लवी स्टारर फिल्म ‘रामायण' ने गुरुवार, 5 नवंबर को सिनेमाघरों में दस्तक दी. फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्साह था और इसकी एडवांस बुकिंग भी अच्छी रही. हालांकि, पहले दिन का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन ट्रेड की उम्मीदों के मुकाबले थोड़ा कम रहा. फिल्म के पहले दिन की कमाई को लेकर दो अलग-अलग आंकड़े सामने आए हैं. फिल्म कलेक्शन के आंकड़े रखने वाली एक वेबसाइट के मुताबिक, फिल्म ने दुनियाभर में पहले दिन 127.50 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है, जबकि निर्माताओं ने वर्ल्डवाइड 155 करोड़ रुपये की कमाई का दावा किया है.
फिल्म कलेक्शन के आंकड़े रखने वाली एक वेबसाइट की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, ‘रामायण' ने भारत में पहले दिन 64.85 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है. वहीं, भारत में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 77.50 करोड़ रुपये बताया गया है. इसके अलावा फिल्म ने ओवरसीज मार्केट में 50 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है. इन दोनों बाजारों के आंकड़ों को मिलाकर फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 127.50 करोड़ रुपये बैठता है. फिल्म पहले दिन दुनियाभर में कुल 25,200 शोज में दिखाई गई.
इस तरह वेबसाइट के आंकड़ों और निर्माताओं के दावे के बीच 27.50 करोड़ रुपये का अंतर है. फिल्म कारोबार विशेषज्ञ गिरीश वानखेड़े का मानना है कि वेबसाइट का आंकड़ा ज्यादा भरोसेमंद है. उनके मुताबिक, निर्माताओं की ओर से जारी 155 करोड़ रुपये का आंकड़ा बढ़ा-चढ़ाकर बताया गया हो सकता है. हालांकि, फिल्म की ओपनिंग उम्मीद के मुताबिक नहीं रही. गिरीश वानखेड़े ने कहा, “मैं इस वेबसाइट के कलेक्शन को मानता हूं, क्योंकि प्रोड्यूसर की तरफ से जो 155 करोड़ रुपये का आंकड़ा आया है, वह इन्फ्लेटेड हो सकता है. 127.50 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइड ग्रॉस एक ठीक-ठाक और बराबर आंकड़ा है. लेकिन जो एक्सपेक्टेशन थे, वे कम से कम 170 करोड़ रुपये की वर्ल्डवाइड ओपनिंग के थे. लिहाजा यह आंकड़ा उम्मीद से कम है. इसकी सीधी वजह यह है कि फिल्म की एडवांस बुकिंग देखकर लग रहा था कि इससे भी बड़ा नंबर आएगा, लेकिन एडवांस बुकिंग के जरिए टिकट बुक कराने वाले दर्शक ही सिनेमाघरों तक पहुंचे. वॉक-इन दर्शकों को टिकट खरीदकर सिनेमाघरों तक लाने में फिल्म कामयाब नहीं हो पाई. इसी वजह से यह कलेक्शन इतना कम रहा.”
गुरुवार को रिलीज करने की रणनीति पर उठे सवाल
फिल्म कारोबार के जानकार और जनता सिनेमा के संस्थापक यूसुफ शेख का मानना है कि ‘रामायण' को गुरुवार के बजाय किसी छुट्टी वाले दिन रिलीज किया जाना चाहिए था. हालांकि, उन्हें पूरा भरोसा है कि फिल्म ब्लॉकबस्टर साबित होगी. उनका कहना है कि गुरुवार को रिलीज करने का एक फायदा यह जरूर हुआ कि फिल्म को लेकर वर्ड ऑफ माउथ शुरू हो गया और दर्शकों ने इसे पसंद किया. यूसुफ शेख ने कहा, “सर, पिक्चर तो ब्लॉकबस्टर साबित होगी, लेकिन क्या है कि शुरुआत थोड़ी-सी गलत हो गई, क्योंकि यह पिक्चर गुरुवार को रिलीज नहीं होनी चाहिए थी. बट फॉर, व्हाटएवर, यू नो, विजडम, समबडी मस्ट हैव गिवन देम कि थर्सडे रिलीज कर दो. उससे एक फायदा सबसे बड़ा यह हुआ कि फिल्म का वर्ड ऑफ माउथ शुरू हो गया और लोगों ने वास्तव में इसे पसंद किया है. यह एक कंप्लीट फैमिली एंटरटेनर है, दिवाली के लिए एक कंप्लीट पैकेज है. इसलिए पिक्चर तो स्कोर करेगी ही. शुक्रवार को फिर से कलेक्शन में गिरावट आएगी, क्योंकि अगर फिल्म गुरुवार को रिलीज होती है तो शुक्रवार को ड्रॉप आता है. लेकिन शनिवार और रविवार से फिल्म के कलेक्शन में काफी तेजी आने की उम्मीद है. दिवाली की छुट्टियां शुरू हो जाएंगी. दिवाली से जुड़े काम और तैयारियां खत्म होने के बाद लोग छुट्टी के मूड में आ जाएंगे और सिनेमाघरों का रुख करेंगे.”
यह भी पढ़ें | रकुल प्रीत का शूर्पणखा अवतार बना चर्चा का विषय, इस लुक के लिए रोज लगते थे 4 घंटे
चार दिन में 350 करोड़ और छुट्टियों में 500 करोड़ तक पहुंचने का अनुमान
रविवार के बाद भाई दूज और गोवर्धन पूजा की छुट्टियां भी हैं. ऐसे में फिल्म को अगले कुछ दिनों में छुट्टियों का फायदा मिल सकता है. गिरीश वानखेड़े का अनुमान है कि फिल्म चार दिनों में दुनियाभर में 350 करोड़ रुपये का कारोबार कर सकती है. इसके बाद त्योहारों की छुट्टियों के चलते फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 500 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है. उन्होंने कहा, “चार दिन का वर्ल्डवाइड कलेक्शन कम से कम 350 करोड़ रुपये होगा. वहीं, हम इंडिया वाइड ग्रॉस को भी 250 करोड़ रुपये तक पहुंचते देख सकते हैं. उसके बाद फिर छुट्टियां आएंगी, तो उन छुट्टियों की वजह से फिल्म का कलेक्शन 500 करोड़ रुपये तक जा सकता है. ऐसा मुझे लगता है. इन छुट्टियों के बदौलत हम फिल्म के वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस कलेक्शन का अनुमान 500 करोड़ रुपये लगा सकते हैं.”
'3 इडियट्स' के बाद दर्शकों ने एकतरफा सराही 'रामायण': कोमल नाहटा
फिल्म के उम्मीद से कम ओपनिंग कलेक्शन की एक वजह कुछ लोग मीडिया में आए मिले-जुले रिव्यू को भी मान रहे हैं. हालांकि, मशहूर फिल्म कारोबार विशेषज्ञ कोमल नाहटा इस बात से सहमत नहीं हैं. उनका कहना है कि दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर प्रतिक्रिया सकारात्मक है और ‘3 इडियट्स' के बाद यह पहली बड़ी फिल्म है, जिसे दर्शकों ने एकतरफा सराहा है. कोमल नाहटा ने कहा, "मेरे ख्याल से ‘3 इडियट्स' के बाद यह पहली बड़ी फिल्म है, जिसके रिव्यू एक तरफ हैं. ‘रामायण' देखकर जो भी सिनेमाघर से बाहर निकलता है, वह या तो फिल्म को अच्छी बताता है, या ग्रेट, फैंटास्टिक और आउटस्टैंडिंग कहता है. इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच नकारात्मक रिव्यू सामने नहीं आए हैं."
जब उनसे पूछा गया कि मीडिया में तो फिल्म को लेकर मिले-जुले रिव्यू देखने को मिल रहे हैं, तो उन्होंने कहा, “मीडिया में बहुत सारे लोगों के रिव्यू ही संदेह के घेरे में होते हैं. इसलिए उस विषय पर बात न करना ही बेहतर है.”
अलग-अलग फॉर्मेट और टिकट की कीमतों का भी असर
‘रामायण' को 2D, 3D और IMAX जैसे अलग-अलग फॉर्मेट में रिलीज किया गया है. इन फॉर्मेट के हिसाब से टिकट की कीमतों में भी अंतर है. ऐसे में फिल्म के कुल कलेक्शन पर टिकट की अलग-अलग दरों का असर पड़ना स्वाभाविक है. इसके अलावा दिवाली की तैयारियों और त्योहार से जुड़े कामों के चलते भी कई दर्शक शुरुआती दिनों में सिनेमाघरों तक नहीं पहुंच पाए होंगे. फिलहाल ट्रेड की निगाहें शनिवार और रविवार के कलेक्शन पर टिकी हैं. जहां एक तरफ पहले दिन की कमाई उम्मीद से कम बताई जा रही है, वहीं फिल्म कारोबार के जानकारों को भरोसा है कि सकारात्मक वर्ड ऑफ माउथ और त्योहारों की छुट्टियों के चलते ‘रामायण' बॉक्स ऑफिस पर बड़ी कमाई कर सकती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं