खास बातें
- एक समय स्थिति इससे भी खराब थी। वह तो अंत में बाजार इस हानि को कुछ कम करने में सफल रहा, अन्यथा निवेशक और अधिक कंगाल हो जाते।
मुंबई: बंबई शेयर बाजार के सेंसेक्स में आई भारी गिरावट से निवेशकों को बड़ा झटका झेलना पड़ा है। एक दिन में ही निवेशकों की 1.33 लाख करोड़ की रुपये की पूंजी गिरावट की इस आंधी में बह गई। खास बात यह है कि एक समय स्थिति इससे भी खराब थी। वह तो अंत में बाजार इस हानि को कुछ कम करने में सफल रहा, अन्यथा निवेशक और अधिक कंगाल हो जाते। बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स एक समय 700 अंक की गिरावट के साथ 17,000 अंक के स्तर से नीचे चला गया था। उस समय सभी सूचीबद्ध शेयरों के बाजार मूल्य में 2.5 लाख करोड़ रुपये तक की गिरावट आई थी। हालांकि, बाजार इस घाटे को कम करने में सफल रहा और अंत में सेंसेक्स 387.31 अंक की गिरावट के साथ 17,305.87 अंक पर आ गया। बीएसई के आंकड़ों के अनुसार, कारोबार बंद होने तक निवेशकों की कुल पूंजी घटकर 63,49,524.09 करोड़ रुपये रह गई। गुरुवार को यह 64,82,649.67 करोड़ रुपये थी। पिछले चार दिन में निवेशकों को कुल चार लाख करोड़ रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। इस दौरान सेंसेक्स में करीब 1,000 अंक की गिरावट आई है।