यह ख़बर 01 अगस्त, 2011 को प्रकाशित हुई थी

अमेरिकी संकट टलने की उम्मीद में सेंसेक्स उछला

खास बातें

  • बंबई शेयर बाजार में चार दिन से जारी गिरावट का सिलसिला थम गया और सेंसेक्स में 117 अंक की बढ़त दर्ज हुई।
मुंबई:

अमेरिका में ऋण सीमा बढ़ाने पर सांसदों में सहमति बनने से बंबई शेयर बाजार में चार दिन से जारी गिरावट का सिलसिला थम गया और सेंसेक्स में 117 अंक की बढ़त दर्ज हुई। बंबई शेयर बाजार के सेंसेक्स में पिछले चार सत्रों में 674 अंक की गिरावट आई थी। सोमवार को यह 117.13 अंक या 0.64 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 18,314.33 अंक पर पहुंच गया। सेंसेक्स की बढ़त में मुख्य योगदान आईटी, वाहन और भारी मशीनरी वाले कंपनी शेयरों का रहा। एक समय सेंसेक्स 18,440.07 अंक की ऊंचाई पर पहुंच गया था। इसी के अनुरूप नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी भी 34.80 अंक या 0.63 अंक की बढ़त के साथ 5,516.80 अंक पर पहुंच गया। एक समय यह 5,551.90 अंक पर पहुंच गया था। ब्रोकरों ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की इस घोषणा कि देश में बजटीय घाटे को कम करने तथा ऋण डिफॉल्ट से बचाव पर सहमति बन गई है, एशियाई बाजारों में मजबूती का रुख था। घरेलू स्तर पर निर्यात के बेहतर आंकड़ों से भी बाजार धारणा मजबूत हुई। ब्रोकरों ने कहा कि सेंसेक्स की बढ़त में रिलायंस इंडस्ट्रीज, इन्फोसिस, एसबीआई, टाटा मोटर्स, टाटा स्टील, महिंद्रा एंड महिंद्रा तथा लार्सन एंड टुब्रो ने प्रमुख योगदान दिया।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com